कांकेर जिला का आमाबेड़ा इलाका छावनी में तब्दील: शव दफनाने के विवाद के बाद लगा कर्फ्यू, बंद रहे बाजार

File Photo
कांकेर। आमाबेड़ा और बड़ेतेवड़ा क्षेत्र में गुरुवार को हुई आगजनी और तोड़फोड़ की घटना के बाद शुक्रवार 19 दिसंबर को पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा रहा। हालात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने क्षेत्र को छावनी में तब्दील कर दिया है। गांवों में आने-जाने वालों से लगातार पूछताछ और सघन जांच की जा रही है। जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। कलेक्टर नीलेश महादेव क्षीरसागर एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आई. कल्याण ऐलीसेला 19 दिसंबर को आमाबेड़ा और बड़ेतेवड़ा का जायजा लिया। सुरक्षा संभाल रहे अधिकारियों से संवाद भी किया।
मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार को भीम सेना के द्वारा हमला करने पर मांझी एवं अन्य आदिवासी घायल हो गए थे, इसकी खबर फैलते ही आसपास के कई गांवों के आदिवासी समाज के लोग आक्रोशित हो गए। प्रशासन ने नियमों का पालन करते हुए गुरुवार 18 दिसंबर को शव निकाले जाने की प्रक्रिया पूरी करवाई। शव निकाले जाने के बाद गुस्साए आदिवासी लोगों ने चर्च में तोड़फोड़ शुरू कर दी। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए तैनात पुलिस अधिकारी और जवान पर भी हमला कर दिया। हालात बेकाबू होते देख पुलिस को आत्मरक्षा में लाठीचार्ज करना पड़ा। इसके बाद देर रात तक तनाव का माहौल बना रहा, हालांकि पुलिस और प्रशासन की सक्रियता से रात में स्थिति धीरे-धीरे नियंत्रण में आई।
बाजार बंद रहा जनजीवन प्रभावित
सुरक्षा व्यवस्था के तहत सरपंच के घर और आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। शुक्रवार को भी पुलिस ने बड़ेतेवड़ा गांव को पूरी तरह छावनी में तब्दील रखा। शुक्रवार को बड़ेतेवड़ा में दिनभर सन्नाटा छाया रहा। भय और तनाव के कारण लोग अपने घरों से बाहर नहीं निकले और घरों में ही दुबके रहे। बाजार बंद रहे और सामान्य जनजीवन पूरी तरह प्रभावित रहा।
कानून व्यवस्था तोड़ने वालों के खिलाफ होगी सख्ती
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर नीलेश महादेव क्षीरसागर और एसएसपी आई. कल्याण ऐलीसेला शुक्रवार 19 दिसंबर को आमाबेड़ा एवं बड़ेतेवड़ा पहुंचे और स्थानीय लोगों तथा अधिकारियों से बातचीत कर हालात को समझने का प्रयास किया। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की और किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने की सलाह दिया।
