अबूझमाड़ में दिखा डबल इंजन की सरकार का भरोसा: यात्री बस में सवार होकर कुरूषनार गांव पहुंचे सीएम साय

सीएम विष्णुदेव साय यात्री बस में सफर किए
इमरान खान- नारायणपुर। अबूझमाड़ की वही सड़कें, जिन पर कभी सुरक्षा बलों की आवाजाही भी जोखिम मानी जाती थी, शुक्रवार को एक अलग ही दृश्य की गवाह बनीं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एक सामान्य यात्री की तरह सरकारी बस में सवार होकर कुरूषनार पहुंचे।
यह सफर केवल एक प्रशासनिक यात्रा नहीं था। यह उस बदलती ज़मीनी हकीकत का संकेत था, जहां नक्सल हिंसा और भय के लंबे दौर के बाद अब हालात इतने सामान्य हुए हैं कि सार्वजनिक परिवहन न सिर्फ चल रहा है, बल्कि उसी बस में मुख्यमंत्री भी बैठकर गांव तक पहुंच रहे हैं।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एक सामान्य यात्री की तरह सरकारी बस में सवार होकर कुरूषनार पहुंचे। @NarayanpurDist @ChhattisgarhCMO @vishnudsai pic.twitter.com/OLYBg17JiJ
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) January 30, 2026
सुरक्षा के परिदृश्य में आया बड़ा बदलाव
अबूझमाड़ क्षेत्र में हाल के वर्षों में नक्सलियों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई के बाद सुरक्षा परिदृश्य में बड़ा बदलाव आया है। इसी बदले माहौल का लाभ उठाते हुए सरकार ने मुख्यमंत्री बस सेवा शुरू की है, जो अब नारायणपुर जिले के सुदूर और सीमांत गांवों को जोड़ रही है।
प्रशासन और जनता के बीच टूटे भरोसे की मरम्मत
बस में सवार मुख्यमंत्री का गांव तक पहुंचना प्रशासन और जनता के बीच टूटे भरोसे की मरम्मत के रूप में देखा जा रहा है। कुरूषनार पहुंचकर मुख्यमंत्री ने पीडीएस दुकान का निरीक्षण किया, स्कूल में बच्चों से संवाद किया और महिलाओं को महतारी वंदन योजना की राशि वितरित की। स्थानीय लोगों के लिए यह दृश्य असाधारण था, सरकार पहली बार डर के बिना, पहिए पर बैठकर उनके गांव तक आई।
