नाबालिग लड़की ने होटल में किया प्रेमी का कत्ल: गर्भवती प्रेमिका पर एबॉर्शन का दबाव बना रहा था युवक

नाबालिग लड़की ने होटल में किया प्रेमी का कत्ल : गर्भवती प्रेमिका पर एबार्सन का दबाव बना रहा था युवक
X

लॉज में जांच करती हुई पुलिस

गंज थाना क्षेत्र की पुलिस ने बिलासपुर पुलिस की सूचना पर एक लॉज के कमरे से एक युवक की लाश बरमाद की है।

रायपुर। गंज थाना क्षेत्र की पुलिस ने बिलासपुर पुलिस की सूचना पर एक लॉज के कमरे से एक युवक की लाश बरमाद की है। युवक की हत्या करने के बाद नाबालिग लड़की ने घर पहुंचकर अपनी मां को घटना के बारे में जानकारी दी, तब लड़की को लेकर उसकी मां अपने क्षेत्र के संबंधित थाने लेकर गई। वहां उसने पुलिस को घटना की जानकारी दी, तब गंज पुलिस को होटल में युवक की हत्या करने की जानकारी मिली। हत्या की वजह मृतक द्वारा अपनी प्रेग्नेंट नाबालिग प्रेमिका पर अबॉर्शन के लिए दबाव बनाना बताया जा रहा है।

किशोरी को लेने पुलिस बिलासपुर रवाना हो गई है। सत्कार गली स्थित एवन लॉज में पुलिस ने मूलतः बिहार, किशनगंज निवासी मोहम्मद सद्दाम की लाश बरामद की है। किशोरी रविवार को सद्दाम की हत्या कर रूम में ताला बंद कर चुपचाप बिलासपुर चली गई। घर पहुंचने के बाद किशोरी ने घटना की जानकारी अपनी मां को दी। इसके बाद नाबालिग की मां ने कोनी पुलिस की मदद से गंज पुलिस को घटना की जानकारी दी। सद्दाम अभनपुर स्थित एमएस इंजीनियरिंग में काम करता था। किशोरी के साथ सद्दाम की दोस्ती दो वर्ष पूर्व सोशल मीडिया के माध्यम से होने की बात सामने आई है।

अबॉर्शन नहीं कराने पर जान से मारने की धमकी
जो जानकारी मिली है, उसके मुताबिक सोशल मीडिया के माध्यम से दोस्ती होने के बाद सद्दाम किशोरी से मिलने बिलासपुर जाता था। इस दौरान किशोरी प्रेग्नेंट हो गई। किशोरी ने इस बात की जानकारी सद्दाम को दी। इसके बाद सद्दाम ने किशोरी को मिलने शनिवार को रायपुर बुलाया। सद्दाम ने अपने आधार कार्ड से लॉज में कमरा बुक किया। बताया जा रहा है, सद्दाम ने किशोरी पर अबॉर्शन करने दबाव बनाया। किशोरी के अबॉर्शन कराने से इनकार करने पर सद्दाम ने उसे जान से मारने की धमकी की। इस पर दोनों के बीच सुलह हो गई। इसके बाद दोनों लॉज छोड़कर चले गए।

दूसरे दिन पुनः कमरा बुक कराया
शनिवार को लॉज छोड़ने के बाद सद्दाम तथा किशोरी पुनः उसी लॉज में गए। वहां दोनों ने पुनः कमरा बुक कराया। दोपहर को खाना खाने के बाद दोनों सो गए। इस दौरान लड़की ने सद्दाम के बैग से चाकू निकालकर उसके गले में ताबड़तोड़ वार कर मौत के घाट उतार दिया। सद्दाम की हत्या करने के बाद किशोरी रूम का ताला बंद कर चाबी रेलवे ट्रैक में फेंक कर बिलासपुर लौट गई।

आरपीएफ जवान ने कहा माता-पिता को लेकर आओ
बताया जा रहा है, गुस्से में आकर सद्दाम की हत्या करने के बाद किशोरी बुरी तरह से डर गई। उसे थाना की जानकारी नहीं थी। वह बिलासपुर जाने रेलवे स्टेशन पहुंची। स्टेशन में किशोरी ने एक आरपीएफ जवान को हत्या करने की जानकारी दी। आरपीएफ ने किशोरी को अपने मां-बाप को बुलाने कहा। बिलासपुर पहुंचने के दूसरे दिन सोमवार को घटना की जानकारी अपनी मां को दी।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story