वैशाली में 2 लाख का इनामी शूटर प्रिंस ढेर: पुलिस टीम पर की थी फायरिंग, सिपाही मर्डर और सोना लूट समेत 28 केस थे दर्ज

Bihar STF Encounter Criminal Prince Vaishali
X

वैशाली में एसटीएफ का बड़ा एक्शन, शूटर प्रिंस ढेर।

बिहार के वैशाली में एसटीएफ ने 2 लाख के इनामी कुख्यात शूटर प्रिंस उर्फ अभिषेक को एनकाउंटर में ढेर कर दिया है। 55 किलो सोना लूट और सिपाही की हत्या समेत उस पर 28 संगीन मामले दर्ज थे।

Criminal Prince Encounter Vaishali: बिहार के वैशाली जिले में एसटीएफ (STF) और स्थानीय पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए दो लाख रुपये के इनामी कुख्यात अपराधी प्रिंस उर्फ अभिषेक को एनकाउंटर में मार गिराया है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि प्रिंस अपने एक साथी के साथ वैशाली के एक मकान में छिपा हुआ है। जब विशेष टीम ने इलाके की घेराबंदी कर उसे सरेंडर करने को कहा, तो उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोलियों का शिकार होकर वह गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

PMCH से फरार होने के बाद पुलिस के लिए बना था चुनौती

कुख्यात अपराधी प्रिंस उर्फ अभिषेक मूल रूप से वैशाली जिले के गोरौल थाना क्षेत्र के हसना गांव का रहने वाला था। वह सुबोध सिंह गैंग का बेहद खतरनाक शार्प शूटर माना जाता था। कुछ समय पहले उसे बेऊर जेल से इलाज के लिए पटना के पीएमसीएच (PMCH) में भर्ती कराया गया था, जहां से वह पुलिस को चकमा देकर फरार होने में कामयाब रहा था। उसकी फरारी के बाद सरकार ने उस पर दो लाख रुपये का इनाम घोषित किया था और एसटीएफ की टीम लगातार उसकी तलाश में छापेमारी कर रही थी।

सिपाही की हत्या और 55 किलो सोना लूट का था मुख्य आरोपी

प्रिंस का अपराध जगत में एक बड़ा नाम था और उसके खिलाफ विभिन्न थानों में हत्या, लूट और रंगदारी जैसे कुल 28 संगीन मामले दर्ज थे। वह हाजीपुर कोर्ट परिसर में हुए सिपाही हत्याकांड का मुख्य आरोपी था। इसके अलावा, देश के चर्चित 55 किलो सोना लूट कांड समेत कई अन्य बड़ी डकैतियों में भी उसकी संलिप्तता रही थी। पुलिस के मुताबिक, वह इतना शातिर था कि गिरफ्तारी के बाद भी वह जेल से ही अपने नेटवर्क को संचालित करने की कोशिश करता था।

हथियार बरामद, साथी भी पुलिस की गिरफ्त में

वैशाली के पुलिस कप्तान विक्रम सिहाग ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि एनकाउंटर वाली जगह से पुलिस ने वह पिस्टल जब्त कर ली है, जिससे प्रिंस ने पुलिस पर गोली चलाई थी। इस कार्रवाई के दौरान प्रिंस का एक साथी भी घायल हुआ है, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके पास से भी हथियार बरामद हुए हैं। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि फरारी के दौरान प्रिंस को किन-किन लोगों ने पनाह दी थी और उसके गिरोह में और कौन-कौन से सदस्य सक्रिय हैं।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story