कौन होगा बिहार का मुख्यमंत्री?: उपेंद्र कुशवाहा ने कर दिया साफ, जानिए क्या कहा

Upendra Kushwaha (file photo)
Upendra Kushwaha: बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद विपक्ष लगातार आरोप लगा रहा था कि बीजेपी राज्य में भी महाराष्ट्र जैसा राजनीतिक खेल दोहरा सकती है और नीतीश कुमार को दोबारा मुख्यमंत्री नहीं बनने देगी। लेकिन इन अटकलों के बीच राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने स्थिति पूरी तरह साफ कर दी है।
कुशवाहा ने विपक्ष पर जनभावनाओं के साथ खेलने का आरोप लगाते हुए कहा कि, विपक्षी दल जनता को भड़का रहे थे कि बिहार में मुख्यमंत्री बदल दिया जाएगा। वे कह रहे थे कि महाराष्ट्र जैसे हालात बनेंगे, लेकिन हालात क्या हैं, सब देख रहे हैं। नीतीश कुमार ही बिहार के मुख्यमंत्री बन रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जनता सब कुछ समझती है और झूठे दावों से भ्रमित नहीं होती।
लालू परिवार में जारी विवाद पर भी बोले कुशवाहा
बिहार की राजनीति सिर्फ गठबंधन और चुनाव के इर्द-गिर्द नहीं घूम रही, बल्कि पिछले कुछ दिनों से लालू प्रसाद यादव परिवार के भीतर बढ़ते विवाद भी सुर्खियों में हैं। राजद प्रमुख लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य द्वारा तेजस्वी यादव पर दिए गए बयानों और उनके घर छोड़कर सिंगापुर लौटने की खबरों पर पूरे राज्य में चर्चा है।
इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि यह पूरी तरह परिवार का अंदरूनी मामला है। उन्होंने कहा, ''जो भी विवाद चल रहा है वह उनका निजी मामला है। जनता सब देख रही है और इसी वजह से उन्हें नकारा जा रहा है।''
कुशवाहा ने इशारों ही इशारों में कहा कि जनता ऐसे राजनीतिक नाटकों पर भरोसा नहीं करती और नतीजों ने इसे एक बार फिर साबित कर दिया है।
उपेंद्र कुशवाहा के इस बयान के बाद यह लगभग साफ हो गया है कि NDA में नेतृत्व को लेकर कोई विवाद नहीं है और नीतीश कुमार ही मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभालने जा रहे हैं। इससे विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे उस राजनीतिक नैरेटिव को तगड़ा झटका लगा है जिसमें दावा किया जा रहा था कि बीजेपी बिहार में सत्ता परिवर्तन की कोशिश करेगी।
