RLM President: अपनों की नाराजगी के बीच उपेंद्र कुशवाहा का बड़ा दांव, आलोक सिंह को बनाया प्रदेश अध्यक्ष

Alok Kumar Singh RLM President Upendra Kushwaha
X

उपेंद्र कुशवाहा ने विधायक आलोक कुमार सिंह को पार्टी का नया बिहार प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है।

उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) ने आलोक कुमार सिंह को बिहार का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। पार्टी में जारी अंदरूनी कलह के बीच यह बड़ा फेरबदल माना जा रहा है।

RLM Party New President: बिहार विधानसभा चुनाव के बाद मचे अंदरूनी घमासान को शांत करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने पार्टी की प्रदेश इकाई का पुनर्गठन किया है। उपेंद्र कुशवाहा ने औपचारिक घोषणा करते हुए विधायक आलोक कुमार सिंह को पार्टी का नया बिहार प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। इसके साथ ही संगठन को मजबूती देने के लिए प्रशांत पंकज और सुभाष चंद्रवंशी को कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। कुशवाहा ने स्पष्ट किया कि चुनाव के बाद राज्य इकाई को भंग कर दिया गया था और अब आपसी विचार-विमर्श के बाद नई टीम का चयन किया गया है।

पार्टी के भीतर बगावती सुरों को थामने की कवायद

गौरतलब है कि हाल के दिनों में आरएलएम के भीतर असंतोष की खबरें लगातार सुर्खियों में रही हैं। पार्टी के कुछ विधायकों ने उपेंद्र कुशवाहा के फैसलों पर सवाल उठाते हुए उन्हें 'आत्मघाती' तक करार दिया था। विशेषकर पार्टी के पदों पर परिवारवाद के आरोपों के चलते संगठन के भीतर दरार पैदा हो गई थी। इस नए फेरबदल के जरिए कुशवाहा ने उन बागी सुरों को शांत करने का प्रयास किया है जो नेतृत्व की मंशा और नीतियों पर सवाल उठा रहे थे। नई नियुक्तियों में हिमांशु पटेल को प्रदेश महासचिव और मदन चौधरी को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष (संगठन) बनाया गया है।

विधायक रामेश्वर महतो की नाराजगी और मंत्री पद की रेस

पार्टी के भीतर सबसे ज्यादा चर्चा बाजपट्टी से विधायक रामेश्वर महतो की नाराजगी को लेकर है। उन्होंने सोशल मीडिया पर इशारों-इशारों में नेतृत्व की नीतियों को जनहित के बजाय स्वार्थ से प्रेरित बताया था। जानकारों का मानना है कि महतो मंत्रिमंडल में जगह मिलने की उम्मीद लगाए बैठे थे, लेकिन कुशवाहा के बेटे को प्राथमिकता मिलने से वे खुद को उपेक्षित महसूस कर रहे हैं। हालांकि, नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष आलोक सिंह ने इन खबरों को खारिज करते हुए दावा किया है कि संगठन में कोई मतभेद नहीं है और पार्टी एकजुट होकर विकास के एजेंडे पर काम करेगी।

राष्ट्रव्यापी सदस्यता अभियान की तैयारी

पार्टी अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' के जरिए नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई दी और आगामी रणनीति का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि पार्टी जल्द ही प्राथमिक स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक एक विशेष सदस्यता अभियान शुरू करने जा रही है। कुशवाहा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'विकसित भारत' के विजन को दोहराते हुए कहा कि बिहार की 'डबल इंजन' सरकार राज्य के विकास को गति देने के लिए प्रतिबद्ध है। आरएलएम, जिसने हालिया चुनावों में 6 में से 4 सीटों पर जीत दर्ज की थी, अब इस नई टीम के साथ 2026 के राजनीतिक लक्ष्यों की ओर कदम बढ़ा रही है।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story