कौन हैं उदय सिंह: प्रशांत किशोर ने जिन्हें बनाया जनसुराज का राष्ट्रीय अध्यक्ष, कहा- अनुभव का मिलेगा लाभ

Jan Suraj Party first national president: राजनीतिक रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने सोमवार को अपनी पार्टी जनसुराज के पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष की घोषणा की। पटना में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में किशोर ने कहा कि पार्टी की कोर कमेटी द्वारा सर्वसम्मति से पूर्व भाजपा सांसद उदय सिंह (पप्पू सिंह) को जनसुराज का पहला राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उदय सिंह का चयन केवल बहुमत से नहीं, बल्कि सभी सदस्यों की सहमति से हुआ है।
कौन हैं उदय सिंह?
बिहार की राजनीति में उदय सिंह एक बड़ा नाम है। वे पूर्णिया से दो बार सांसद रह चुके हैं और 2019 में भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए थे। 2024 लोकसभा चुनाव में उन्होंने निर्दलीय उम्मीदवार पप्पू यादव का समर्थन किया था। किशोर की पार्टी को लॉजिस्टिक सपोर्ट देने में उनकी अहम भूमिका रही है।
प्रशांत किशोर ने क्या कहा?
किशोर ने कहा कि वह खुद कोई औपचारिक पद नहीं संभालेंगे, लेकिन पार्टी को मजबूत बनाने के लिए संगठनात्मक ढांचा तैयार कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि अब वह मंगलवार से बिहार में अपनी 'पदयात्रा' फिर से शुरू करेंगे। गौरतलब है कि जन सुराज पार्टी की स्थापना 2 अक्टूबर 2023 को हुई थी, लेकिन अब तक इसका कोई पूर्णकालिक अध्यक्ष नहीं था। पहले पूर्व आईपीएस अधिकारी मनोज भारती को 'कार्यकारी अध्यक्ष' नियुक्त किया गया था।
बिहार चुनाव हुआ दिलचस्प
इस साल के अंत तक बिहार विधनसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में सभी पार्टियां अपनी तैयारियों में जुट गई हैं। किशोर की पार्टी ने बिहार चुनाव को त्रिकोणिय बना दिया है। पार्टी की मजबूती के लिए प्रशांत किशोर दिन-रात मेहनत कर रहे हैं। अब, देखना होगा कि बिहार चुनाव में प्रशांत किशोर की पार्टी का प्रदर्शन कैसा रहने वाला है।
