बिहार: सीएम नीतीश कुमार को बड़ा झटका, पूर्व सांसद समेत कई नेता आरजेडी में शामिल

bihar-nitish-kumar-jdu-leaders-join-rjd-before-assembly-elections-2025
X

बिहार चुनाव से पहले JDU के कई नेता राजद में हुए शामिल

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और जेडीयू को बड़ा झटका लगा है। पूर्व सांसद संतोष कुशवाहा, चाणक्य प्रकाश और कई बड़े नेता तेजस्वी यादव की मौजूदगी में आरजेडी में शामिल हुए। जानें कौन-कौन अब लालटेन थाम चुका है।

Bihar Assembly Elections 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उनकी पार्टी जनता दल यूनाइटेड (JDU) को बड़ा झटका लगा है। शुक्रवार को तेजस्वी यादव की मौजूदगी में पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद राष्ट्रीय जनता दल (RJD) में शामिल हो गए।

इस राजनीतिक हलचल के बीच सबसे दिलचस्प कहानी बांका से सामने आई है। जहां मौजूदा जदयू सांसद गिरधारी यादव के बेटे चाणक्य प्रकाश ने राजद की सदस्यता ले ली। यानी पिता अभी जदयू में हैं, लेकिन बेटा अब तेजस्वी यादव के साथ लालटेन थाम चुका है।

तेजस्वी यादव ने नीतीश सरकार पर बोला हमला

पटना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान तेजस्वी यादव ने कहा, ''अब बिहार की सरकार नीतीश कुमार नहीं, बल्कि दिल्ली में बैठे भाजपा के नेता चला रहे हैं। जिन्होंने जदयू को सींचा, उन्हें आज पार्टी में कोई इज्जत नहीं मिल रही।''

उन्होंने आगे कहा कि भाजपा जदयू को खत्म करने का काम कर रही है। पिछली बार जब नीतीश कुमार को इसका अहसास हुआ था, तब वो हमारे साथ आए थे। लेकिन अब उन्हें पूरी तरह हाईजैक कर लिया गया है।

आरजेडी में शामिल हुए बड़े नाम

  • चाणक्य प्रकाश – बांका सांसद गिरधारी यादव के पुत्र, अब राजद में शामिल।
  • संतोष कुशवाहा – पूर्णिया के पूर्व सांसद, सीमांचल के बड़े नाम, इस बार मंत्री लेसी सिंह के खिलाफ चुनाव लड़ सकते हैं।
  • अजय कुशवाहा – पिछले चुनाव में LJP के टिकट पर वैशाली से लड़े थे, अब राजद में शामिल होकर समीकरण बदलेंगे।
  • राहुल शर्मा – जदयू के वरिष्ठ नेता जगदीश शर्मा के बेटे, जहानाबाद के प्रमुख राजनीतिक परिवार से आते हैं।

संतोष कुशवाहा: सीमांचल के प्रभावशाली चेहरा

पूर्व सांसद संतोष कुशवाहा सीमांचल में खासा प्रभाव रखते हैं। उन्होंने पूर्णिया में पप्पू यादव को हराया था। भाजपा छोड़कर जदयू में शामिल हुए थे, अब आरजेडी के साथ लौटकर उन्होंने सियासी समीकरणों में नया मोड़ ला दिया है।

अजय कुशवाहा: वैशाली की राजनीति में नया खेल

अजय कुशवाहा ने पिछली बार वैशाली से लोक जनशक्ति पार्टी (LJP) के टिकट पर चुनाव लड़ा था। हार के बावजूद उन्होंने मजबूत पकड़ बनाई थी। उनके आरजेडी में आने से यहां का समीकरण पूरी तरह बदल सकता है।

राहुल शर्मा: जहानाबाद के सियासी घराने से आरजेडी में एंट्री

राहुल शर्मा, जदयू के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद डॉ. जगदीश शर्मा के बेटे हैं। उनके पिता छह बार विधायक और एक बार सांसद रह चुके हैं। अब राहुल की एंट्री से जहानाबाद में आरजेडी को बड़ा फायदा मिल सकता है।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story