Bihar Budget Session: 2030 तक बिहार में एक करोड़ युवाओं को मिलेगा रोजगार, राज्यपाल आरिफ मोहम्मद ने अभिभाषण में क्या-क्या कहा?

बिहार विधानसभा के बजट सत्र की शुरुआत के मौके पर राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने नीतीश कुमार सरकार की प्राथमिकताओं को सामने रखा।
Bihar Jobs: बिहार विधानसभा के बजट सत्र के पहले दिन राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने अपने अभिभाषण में नीतीश सरकार की प्राथमिकताओं को सामने रखा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आने वाले पांच वर्षों में बिहार में एक करोड़ रोजगार और नौकरी के अवसर सृजित करने के लक्ष्य पर काम कर रही है।
अब तक 50 लाख युवाओं को मिला रोजगार
राज्यपाल ने सदन को संबोधित करते हुए बताया कि अब तक राज्य में लगभग 50 लाख युवाओं को नौकरी और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा चुके हैं। सरकार का लक्ष्य है कि वर्ष 2030 तक यह संख्या बढ़ाकर एक करोड़ तक पहुंचाई जाए।
कानून-व्यवस्था और सांप्रदायिक सौहार्द पर जोर
आरिफ मोहम्मद खान ने कहा कि कानून का राज और सामाजिक सद्भाव बनाए रखना राज्य सरकार की शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने बताया कि पुलिस बल को मजबूत करने के लिए कर्मियों की संख्या बढ़ाकर 1.21 लाख कर दी गई है, जबकि राज्य में पुलिस थानों की संख्या भी लगातार बढ़ी है। बिहार में महिला पुलिसकर्मियों की भागीदारी देश में सबसे अधिक बताई गई।
बिहार विधानमंडल के बजट सत्र का शुभारंभ आज गरिमामय वातावरण में हुआ। माननीय राज्यपाल मोहम्मद आरिफ मोहम्मद खान साहब ने विधानमंडल के विस्तारित भवन स्थित सेंट्रल हॉल में विधानसभा एवं विधान परिषद के माननीय सदस्यों को संयुक्त रूप से संबोधित किया।
— Vijay Kumar Sinha (@VijayKrSinhaBih) February 2, 2026
यह सत्र बिहार के विकास की नई दिशा तय… pic.twitter.com/nU5gh0CIu5
महिलाओं के सशक्तिकरण पर सरकार का फोकस
'न्याय के साथ विकास' की नीति को दोहराते हुए राज्यपाल ने कहा कि बिहार में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ठोस काम हुआ है। राज्य में जीविका स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं की संख्या 1.40 करोड़ तक पहुंच चुकी है।
मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना का जिक्र
राज्यपाल ने मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि महिलाओं को स्वरोजगार शुरू करने के लिए 10 हजार रुपये की सहायता दी गई है। योजना का सही उपयोग करने वाली महिलाओं को आगे चलकर 2 लाख रुपये तक की मदद भी मिलेगी।
किसान, शिक्षा और स्वास्थ्य पर निवेश
अपने संबोधन में राज्यपाल ने किसानों की आमदनी में सुधार, शिक्षा व्यवस्था के विस्तार और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए राज्य में नए स्कूल, कॉलेज और अस्पताल स्थापित किए जाने की बात भी कही।
