सारण में नाबालिग छात्रा की मौत मामले में बड़ा खुलासा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि नहीं, पानी में डूबने से हुई मौत। इंस्टाग्राम फ्रेंड गिरफ्तार, जांच जारी।

Saran News: बिहार के सारण जिले के डेरनी थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की का शव कुएं से मिलने के मामले में पुलिस ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। सदर अस्पताल से आई प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस के अनुसार, छात्रा की मौत का कारण पानी में डूबने से दम घुटना बताया गया है।

इंस्टाग्राम फ्रेंड से मिलने गई थी छात्रा
सोनपुर एसडीपीओ प्रतीश कुमार ने बताया कि जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया है कि मृतका का गांव के ही एक युवक के साथ इंस्टाग्राम के माध्यम से संपर्क था। घटना वाले दिन (11 मार्च) दोपहर में दोनों के बीच बातचीत हुई थी, जिसके बाद छात्रा उस युवक से मिलने गांव के ही एक जर्जर घर के पास पहुंची थी। पुलिस ने इस मामले में आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने घटनास्थल पर अपनी मौजूदगी स्वीकार की है।

पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट में क्या मिला?
पुलिस को प्राप्त पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, मृतका के शरीर पर किसी भी प्रकार की बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं और मौत का मुख्य कारण पानी में डूबने से दम घुटना (Asphyxia due to drowning) बताया गया है। चिकित्सकीय जांच और फॉरेंसिक लैब की प्रारंभिक रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है, क्योंकि मृतका के प्राइवेट पार्ट में किसी भी प्रकार के स्पर्म नहीं मिले हैं।

हालांकि, मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने छात्रा के बाल, नाखून, रक्त और कपड़ों के नमूने सुरक्षित कर लिए हैं, जिन्हें विस्तृत वैज्ञानिक जांच के लिए मुजफ्फरपुर लैब भेजा जा रहा है।

जर्जर घर और कुएं के पास की वो घटना
जांच में सामने आया कि 11 मार्च की दोपहर जब छात्रा घर पर नहीं थी, तो उसकी मां ने तलाश शुरू की। एक गवाह ने पुलिस को बताया कि छात्रा को गांव के जर्जर घर में युवक के साथ देखा गया था। ग्रामीणों के इकट्ठा होने पर वहां अफरातफरी मच गई, जिसका फायदा उठाकर युवक भाग निकला। इसी दौरान लड़की कुएं में गिर गई, लेकिन वह कुएं में खुद गिरी या उसे धकेला गया, पुलिस इसकी गहराई से जांच कर रही है।

शुरुआत में मृतका की मां ने सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए 5 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस अब वैज्ञानिक साक्ष्यों और गिरफ्तार युवक से पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।