पटना के अगमकुआं में चोरी के शक में एक मजदूर की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मृतक का शव बरामद कर जांच शुरू कर दी है।

Patna Crime News: पटना के अगमकुआं थाना अंतर्गत बहादुरपुर हाउसिंग कॉलोनी में रविवार, 15 फरवरी को सनसनी फैल गई। पुलिस ने भूतनाथ रोड स्थित एक जर्जर मकान से 45 वर्षीय महेश महतो का शव बरामद किया। मृतक मूल रूप से मोकामा का रहने वाला था और पटना में रहकर मजदूरी करता था।

परिजनों का आरोप है कि महेश की पीट-पीटकर हत्या की गई है। उसके शरीर पर चोट के गहरे निशान पाए गए हैं, जो हमले की बर्बरता को बयां कर रहे हैं।

मछली विक्रेता पर हत्या की आशंका
घटना की पृष्ठभूमि दो दिन पुरानी बताई जा रही है। परिजनों के अनुसार, एक ठेला चोरी होने को लेकर महेश का विवाद पास के ही एक मछली विक्रेता से हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि इसी रंजिश में शनिवार को जब महेश मजदूरी के लिए घर से निकला, तो उसे पकड़कर पीटा गया और मौत के घाट उतार दिया गया। शनिवार रात जब वह घर नहीं लौटा, तो परिजनों ने तलाश शुरू की और रविवार सुबह उसकी लाश बरामद हुई।

पुलिस और FSL की टीम ने शुरू की जांच
अगमकुआं थानाध्यक्ष राजेश कुमार झा ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एनएमसी (NMC) भेज दिया है। घटनास्थल पर एफएसएल (FSL) की टीम को भी बुलाया गया, जिसने साक्ष्य एकत्रित किए हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह पूरी तरह स्पष्ट हो जाएगी। फिलहाल पुलिस संदिग्धों से पूछताछ कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

नौबतपुर में कट्टे के साथ नाबालिग गिरफ्तार
एक अन्य मामले में, पटना के नौबतपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग को अवैध हथियारों के साथ पकड़ा है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस छापेमारी में नाबालिग के पास से एक देसी कट्टा और चार जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।

थाना प्रभारी मनजीत कुमार ठाकुर ने बताया कि यह नाबालिग कुछ दिन पहले हुए जमीन विवाद और फायरिंग के मामले में वांछित था। पूछताछ के बाद उसे बाल सुधार गृह भेज दिया गया है।