बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज दोपहर 3 बजे इस्तीफा दे सकते हैं। कैबिनेट भंग करने की सिफारिश हो चुकी है। शाम 4 बजे NDA की बैठक में नए सीएम पर फैसला होगा।

Nitish Kumar Resignation: बिहार की राजनीति के लिए आज का दिन ऐतिहासिक साबित होने वाला है। पिछले 20 सालों से बिहार की कमान संभाल रहे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं। मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास पर हुई कैबिनेट की आखिरी बैठक खत्म हो चुकी है, जिसमें वर्तमान कैबिनेट को भंग करने की सिफारिश की गई है। नीतीश कुमार अब राज्यसभा के सांसद चुने जा चुके हैं, जिसके बाद उनका मुख्यमंत्री पद छोड़ना तय माना जा रहा था।

राजभवन में दोपहर 3 बजे सौंपेंगे इस्तीफा
तय कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार दोपहर करीब 3 बजे राजभवन पहुंचेंगे। वहां वे राज्यपाल सैयद अता हसनैन से मुलाकात कर उन्हें अपना इस्तीफा सौंपेंगे। नीतीश कुमार ने 20 नवंबर 2025 को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। आज 14 अप्रैल को इस्तीफे के साथ उनका यह कार्यकाल मात्र 145 दिनों का रहेगा। राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, यह उनके करियर का दूसरा सबसे छोटा कार्यकाल है।

सीएम हाउस में सुबह से ही बढ़ी हलचल
मंगलवार सुबह से ही मुख्यमंत्री आवास (1 अणे मार्ग) पर नेताओं का जमावड़ा लगा रहा। जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, केंद्रीय मंत्री ललन सिंह और विजय चौधरी सबसे पहले पहुंचे। इसके बाद उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी वहां पहुंचे। करीब आधे घंटे की चर्चा के बाद नीतीश कुमार और सम्राट चौधरी एक ही गाड़ी में सवार होकर बाहर निकले। दोनों नेताओं ने सबसे पहले बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और फिर कैबिनेट बैठक के लिए रवाना हुए।

शाम 4 बजे एनडीए तय करेगा नया चेहरा
नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद शाम 4 बजे एनडीए विधायक दल की एक महत्वपूर्ण संयुक्त बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में बिहार के अगले मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम मुहर लगेगी। बीजेपी की ओर से केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान पर्यवेक्षक के रूप में मौजूद रहेंगे। उनकी देखरेख में ही नए नेता का चुनाव किया जाएगा। कयास लगाए जा रहे हैं कि बीजेपी इस बार अपने किसी नेता को मुख्यमंत्री की कुर्सी सौंप सकती है, हालांकि आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।

145 दिन के कार्यकाल का होगा अंत
नीतीश कुमार का यह कार्यकाल कई मायनों में अलग रहा। राज्यसभा सांसद बनने के फैसले ने यह साफ कर दिया था कि वे अब केंद्र की राजनीति में सक्रिय होंगे। दोपहर 3.15 बजे राज्यपाल से मिलने के बाद बिहार में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया तेज हो जाएगी। पूरे प्रदेश की नजरें अब शाम 4 बजे होने वाली एनडीए की बैठक पर टिकी हैं, जहाँ से बिहार के नए नेतृत्व का नाम सामने आएगा।