CM Mahila Rozgar Yojana Bihar: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को 'संकल्प' में आयोजित एक उच्च स्तरीय समारोह के माध्यम से राज्य की 25 लाख महिलाओं को बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत इन महिलाओं के बैंक खातों में 10-10 हजार रुपये की राशि डीबीटी (DBT) के माध्यम से हस्तांतरित की गई।
इस पूरी प्रक्रिया में सरकार ने कुल 2500 करोड़ रुपये का बजट जारी किया है। लाभ पाने वाली महिलाओं में लगभग 22 लाख ग्रामीण क्षेत्रों से और करीब 3 लाख शहरी क्षेत्रों से संबंधित हैं।
समस्तीपुर सहित सभी जिलों में उत्साह
योजना के क्रियान्वयन के लिए बिहार के सभी जिला मुख्यालयों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए थे। समस्तीपुर जिले में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 96 हजार 875 लाभार्थी परिवारों के खातों में कुल 96.87 करोड़ रुपये भेजे गए। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार भी मौजूद रहे।
मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि बिहार देश का पहला ऐसा राज्य है जहाँ इतनी बड़ी संख्या में महिलाओं को सीधे उनके खाते में रोजगार के लिए राशि दी जा रही है।
रोजगार बढ़ने पर मिलेगी 2 लाख की अतिरिक्त मदद
इस योजना की सबसे खास बात यह है कि यह केवल 10 हजार रुपये तक सीमित नहीं है। सरकार ने घोषणा की है कि जो महिलाएं इस शुरुआती राशि से अपना छोटा व्यवसाय या रोजगार सफलतापूर्वक शुरू करेंगी, उन्हें भविष्य में कारोबार विस्तार के लिए 2 लाख रुपये तक की अतिरिक्त वित्तीय सहायता दी जाएगी। अब तक राज्य की कुल 1 करोड़ 56 लाख महिलाओं को इस योजना का लाभ मिल चुका है।
शहरी क्षेत्रों में सत्यापन प्रक्रिया जारी
जीविका के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी हिमांशु शर्मा ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों के बाद अब शहरी क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। वर्तमान में नगर निकायों के माध्यम से लगभग 12 लाख से अधिक आवेदनों का भौतिक सत्यापन किया जा रहा है।
उम्मीद जताई जा रही है कि अगले 15 दिनों में यह प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी, जिसके बाद शहरी क्षेत्र की शेष पात्र महिलाओं के खातों में भी 10-10 हजार रुपये की राशि भेज दी जाएगी।
