Motihari News: बिहार के मोतिहारी (पूर्वी चंपारण) में जहरीली शराब के सेवन से हुई मौतों के बाद प्रशासनिक अमला पूरी तरह से हरकत में आ गया है। तुरकौलिया थाना क्षेत्र में मौत का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है, जिससे अब तक मृतकों की संख्या बढ़कर चार हो गई है।
इस गंभीर लापरवाही को देखते हुए एसपी स्वर्ण प्रभात ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तुरकौलिया के थानेदार उमाशंकर मांझी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। वहीं, परसौना के चौकीदार भरत राय को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। प्रशासन की ओर से की जा रही इस सख्त कार्रवाई से शराब माफियाओं के बीच हड़कंप मचा हुआ है।
अब तक 12 लोगों गिरफ्तार
पुलिस ने इस पूरे कांड के मुख्य आरोपी और शराब धंधेबाज नागा राय को भी दबोच लिया है। सदर डीएसपी दिलीप कुमार के अनुसार, अब तक कुल 12 लोगों को हिरासत में लिया गया है। यह कार्रवाई मृतक प्रमोद यादव के भाई विनोद यादव द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के बाद की गई है, जिसमें उन्होंने अपने भाई को जहरीली शराब पिलाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस की टीमें इलाके में लगातार छापेमारी कर रही हैं और अन्य संदिग्धों को चिह्नित किया जा रहा है।
तीन की हालत अभी भी गंभीर
मौत के आंकड़ों की बात करें तो शुक्रवार को दो और लोगों ने दम तोड़ दिया। मृतकों में तुरकौलिया परसौना दलित बस्ती के परीक्षण मांझी और रघुनाथपुर के हीरालाल भगत शामिल हैं। इससे पहले बीती रात दूध कारोबारी प्रमोद यादव और ई-रिक्शा चालक चंदू कुमार की भी मौत हो गई थी। फिलहाल, अलग-अलग अस्पतालों में करीब सात लोगों का इलाज चल रहा है, जिनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं, सात अन्य लोग प्राथमिक उपचार के बाद अपने घर लौट चुके हैं।
इलाके में स्थिति अब भी तनावपूर्ण बनी हुई है क्योंकि बड़ी संख्या में लोग शराब पीने के बाद बीमार हैं, लेकिन कानूनी कार्रवाई और पुलिस के डर से वे सामने आने से कतरा रहे हैं। प्रशासन की टीम प्रभावित गांवों में कैंप कर रही है और लोगों से अपील कर रही है कि वे अपनी बीमारी की जानकारी न छुपाएं ताकि समय पर इलाज देकर उनकी जान बचाई जा सके।
रघुनाथपुर थाने में इस मामले को लेकर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है, जिससे यह साफ है कि पुलिस इसे केवल एक हादसा नहीं बल्कि गंभीर अपराध मानकर चल रही है।