Madhubani Road Accident: बिहार के मधुबनी जिले में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। National Highway 27 पर फुलपरास थाना क्षेत्र के खोपा चौक के पास स्कॉर्पियो और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण दुर्घटना में स्कॉर्पियो में सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जुट गए।
जानकारी के अनुसार स्कॉर्पियो दरभंगा की ओर से आ रही थी। बताया जा रहा है कि खोपा चौक से पहले वाहन अचानक डिवाइडर पार कर विपरीत दिशा में चला गया। उसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार चार लोगों की जान चली गई।
घटना की सूचना मिलते ही Bihar Police की टीम मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि स्कॉर्पियो हरियाणा नंबर की बताई जा रही है और वाहन मालिक से संपर्क करने की कोशिश की जा रही है।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि गलत लेन में जाने के कारण यह भीषण टक्कर हुई। वहीं, पुलिस ने आसपास के लोगों से भी पूछताछ शुरू कर दी है ताकि दुर्घटना के बारे में और जानकारी मिल सके।