Gaya Gangrape News: बिहार की धर्मनगरी गया से एक बेहद खौफनाक और शर्मनाक मामला सामने आया है। जिले के आमस थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया है। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है क्योंकि इस महापाप में पीड़िता का अपना सगा चचेरा भाई भी शामिल था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले के चारों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
प्रेमी के साथ मिलने गई थी नाबालिग
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना रविवार देर रात की है। गांव में एक भोज का आयोजन था, इसी दौरान नाबालिग लड़की गांव के बाहर बधार में अपने कथित प्रेमी से मिलने पहुंची थी। उसका प्रेमी गुरुआ थाना क्षेत्र का रहने वाला है और वहां टेंट के काम के सिलसिले में आया था। इसी बीच पीड़िता का चचेरा भाई अपने तीन अन्य साथियों के साथ वहां पहुंच गया और दोनों को रंगे हाथों पकड़ लिया।
प्रेमी को पीटा, फिर की हैवानियत
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने वहां पहुंचते ही सबसे पहले उसके प्रेमी की बेरहमी से पिटाई की। जान बचाने के लिए प्रेमी वहां से भाग निकला। इसके बाद आरोपियों ने लड़की को लोकलाज का डर दिखाया और धमकी दी कि वे इस बारे में पूरे गांव को बता देंगे। लड़की जब अपनी इज्जत बचाने के लिए गिड़गिड़ाने लगी, तो उसकी मजबूरी का फायदा उठाकर चारों ने उसके साथ बारी-बारी से दरिंदगी की। इसमें सगे चचेरे भाई ने भी कोई रहम नहीं दिखाया।
परिजनों के दावे और पुलिस की कार्रवाई
दूसरी ओर, परिजनों का कहना है कि बच्ची रात में शौच के लिए घर से बाहर निकली थी, तभी घात लगाए आरोपियों ने उसे दबोच लिया और मुंह दबाकर सुनसान जगह ले गए। सोमवार सुबह जब यह मामला पुलिस के पास पहुंचा, तो इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने तुरंत छापेमारी कर चारों दरिंदों को सलाखों के पीछे भेज दिया है। गांव के लोग इस शर्मनाक करतूत के बाद आरोपियों के लिए कड़ी से कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं।
पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया
पुलिस ने बताया है कि पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है और जल्द ही कोर्ट में उसका बयान दर्ज कराया जाएगा। फिलहाल पुलिस पीड़िता के उस प्रेमी युवक की भी तलाश कर रही है, जो मौके से भाग निकला था। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए स्पीडी ट्रायल के जरिए दोषियों को सजा दिलाने की कोशिश की जाएगी।