बिहार के मुजफ्फरपुर में बदमाशों की अंधाधुंध फायरिंग में एक बुजुर्ग की मौत हो गई, वहीं समस्तीपुर में बाइक सवार अपराधियों ने रेलवे लोको पायलट की गोली मारकर हत्या कर दी।

Bihar Crime News: बिहार का मुजफ्फरपुर जिला एक बार फिर गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा है। मामला मीनापुर थाना क्षेत्र के लौतन चौक (विषहर स्थान) का है, जहां गुरुवार की रात अज्ञात बदमाशों ने अचानक अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इस गोलीबारी की चपेट में दो बुजुर्ग आ गए। इनमें से गांगी छपरा गांव के 55 वर्षीय दीपलाल साह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 60 वर्षीय भोला सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल भोला सिंह को तुरंत श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (SKMCH) में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।

भिक्षाटन कर जीवन यापन करते थे दीपलाल
स्थानीय लोगों ने बताया कि मृतक दीपलाल साह मानसिक रूप से अस्वस्थ थे और उनके परिवार में कोई भी सदस्य जीवित नहीं है। वे भिक्षा मांगकर अपना गुजारा करते थे। स्थिति इतनी हृदयविदारक है कि उनका अंतिम संस्कार करने वाला भी कोई अपना मौजूद नहीं है। घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ पूर्वी-एक अलय वत्स पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

उन्होंने बताया कि फिलहाल हत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस घायल भोला सिंह का बयान दर्ज करने की कोशिश कर रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।

समस्तीपुर में रेलवे लोको पायलट की सरेआम हत्या
मुजफ्फरपुर की घटना के कुछ ही घंटों बाद समस्तीपुर के ताजपुर थाना क्षेत्र से एक और दहला देने वाली खबर सामने आई। शुक्रवार की सुबह करीब 8 बजे ताजपुर-हलई सड़क पर स्थित दरजनिया पुल के पास अपराधियों ने एक रेलवे लोको पायलट की बेरहमी से हत्या कर दी। मृतक की पहचान प्रमोद कुमार के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, प्रमोद कुमार अपनी ड्यूटी पूरी कर बाइक से घर लौट रहे थे, तभी पहले से घात लगाकर बैठे अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। शरीर पर कई गोलियां लगने के कारण प्रमोद कुमार ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

पुलिस प्रशासन के खिलाफ फूटा लोगों का गुस्सा
दिनदहाड़े हुई इस हत्या के बाद पूरे इलाके में तनाव और दहशत का माहौल है। स्थानीय ग्रामीणों में पुलिस प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों का आरोप है कि पुलिस केवल जांच के नाम पर खानापूर्ति करती है, जिससे अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।

मौके पर पहुंची पुलिस टीम को स्थानीय लोगों के कड़े विरोध का सामना करना पड़ा। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अपराधियों की धरपकड़ के लिए नाकेबंदी शुरू कर दी है।