बिहार के हर घर की छत पर लगेगा मुफ्त सोलर प्लांट। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समृद्धि यात्रा में 50 लाख घरों के लिए पहले चरण का ऐलान किया। साथ ही 1 करोड़ नौकरियों का लक्ष्य भी रखा।

Free Solar Plant Bihar: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 'समृद्धि यात्रा' के तीसरे चरण के समापन पर राज्य की जनता के लिए सौगातों की बौछार कर दी है। शेखपुरा के बरबीघा और बेगूसराय के असुरारी में आयोजित जनसंवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अब बिहार के हर घर की छत पर मुफ्त सोलर प्लांट लगाया जाएगा।

50 लाख घरों से होगी शुरुआत
मुख्यमंत्री ने कहा कि सोलर यूनिट लगाने से बिजली पर निर्भरता कम होगी और बिहार ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनेगा। योजना के पहले चरण में 50 लाख घरों को कवर करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने याद दिलाया कि 2018 में हर घर बिजली पहुंचाने के बाद अब सरकार 125 यूनिट मुफ्त बिजली भी दे रही है।

अगले 5 साल में 1 करोड़ नौकरियां
रोजगार के मुद्दे पर विपक्ष को घेरते हुए नीतीश कुमार ने कहा, "हमने 10 लाख सरकारी नौकरी का वादा पूरा कर दिया है। अब हमारा लक्ष्य अगले पांच साल में 1 करोड़ लोगों को नौकरी और रोजगार से जोड़ना है।" उन्होंने यह भी बताया कि बहुत जल्द राज्य में 45 हजार नए शिक्षकों की बहाली की जाएगी।

शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़े सुधार
शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़े सुधारों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार की उपलब्धियों को साझा किया। उन्होंने बताया कि मदरसों को अब सरकारी मान्यता दे दी गई है और वहां के शिक्षकों को भी सामान्य शिक्षकों के समान वेतन मिल रहा है। उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए हर प्रखंड में डिग्री कॉलेज और प्रत्येक जिले में इंजीनियरिंग व पॉलिटेक्निक कॉलेज खोले जा रहे हैं। स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में राज्य के 21 जिलों में नए मेडिकल कॉलेज तैयार किए जा रहे हैं, साथ ही पटना के PMCH को 5,400 बेड की क्षमता वाले एक विश्वस्तरीय अस्पताल के रूप में विकसित किया गया है।

आरजेडी पर प्रहार और केंद्र की तारीफ
पूर्ववर्ती राजद सरकार पर निशाना साधते हुए सीएम ने कहा कि पिछली सरकार ने अल्पसंख्यकों को सिर्फ डराने का काम किया, जबकि उनकी सरकार ने सामाजिक सौहार्द के साथ सबका विकास किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि केंद्र के भरपूर सहयोग से बिहार बहुत जल्द विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल हो जाएगा।

जनसंवाद में बड़ी संख्या में पहुंची जीविका दीदियों का आभार जताते हुए मुख्यमंत्री ने अंत में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा के साथ एकजुटता दिखाते हुए विकास की गति को जारी रखने का वादा किया।