बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव। नीतीश कुमार के राज्यसभा सांसद बनने के बाद बीजेपी ने शिवराज सिंह चौहान को पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। जल्द होगा नए मुख्यमंत्री का ऐलान।

Bihar New CM News: बिहार में नई सरकार के गठन और मुख्यमंत्री के चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। भारतीय जनता पार्टी ने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को विधायक दल का नेता चुनने के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। शिवराज सिंह चौहान जल्द ही बिहार पहुंचकर एनडीए के विधायकों के साथ बैठक करेंगे और नए चेहरे पर सर्वसम्मति बनाने का प्रयास करेंगे।

नीतीश कुमार का नया सफर
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अब राज्यसभा सांसद के रूप में शपथ ले चुके हैं। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस शपथ के साथ ही नीतीश कुमार ने एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड बनाया है। वे देश के उन गिने-चुने नेताओं में शामिल हो गए हैं जो लोकसभा, राज्यसभा, विधानसभा और विधान परिषद, यानी चारों सदनों के सदस्य रह चुके हैं।

कल मुख्यमंत्री पद से दे सकते हैं इस्तीफा
सूत्रों के मुताबिक, नीतीश कुमार कल यानी 13 अप्रैल को एनडीए विधायक दल की बैठक को संबोधित कर सकते हैं। इसी बैठक के बाद वे राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप सकते हैं। माना जा रहा है कि 14 या 15 अप्रैल तक नए मुख्यमंत्री के नाम का औपचारिक ऐलान हो जाएगा और नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जा सकता है।

बीजेपी ने शिवराज सिंह चौहान को पर्यवेक्षक नियुक्त किया।

बीजेपी से हो सकता है नया मुख्यमंत्री
चूंकि नीतीश कुमार केंद्र की राजनीति में सक्रिय हो चुके हैं, इसलिए संभावना प्रबल है कि बिहार का अगला मुख्यमंत्री बीजेपी से होगा। बीजेपी नेतृत्व एक ऐसे चेहरे की तलाश में है जो आगामी विधानसभा चुनावों में जातीय और क्षेत्रीय समीकरणों को साध सके। मुख्यमंत्री की रेस में फिलहाल 5 बड़े नामों की चर्चा चल रही है, जिन पर शिवराज सिंह चौहान रायशुमारी करेंगे।

जेडीयू को मिल सकते हैं दो डिप्टी सीएम
एनडीए के नए फॉर्मूले के तहत इस बार सत्ता का संतुलन बदला हुआ नजर आएगा। चर्चा है कि जेडीयू (JDU) को पहली बार दो डिप्टी सीएम पद मिल सकते हैं। इसके साथ ही विधानसभा अध्यक्ष (स्पीकर) का पद भी जेडीयू के खाते में जा सकता है। सूत्रों की मानें तो जेडीयू की ओर से निशांत कुमार का डिप्टी सीएम बनना लगभग तय माना जा रहा है, जिससे पार्टी में युवाओं को नेतृत्व मिल सकेगा।