Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव के पहले चरण में शुक्रवार यानी 19 अप्रैल को वोटिंग जारी है। आज 21 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की 102 सीटों पर उम्मीदवारों का भाग्य ईवीएम में कैद होगा। बिहार की कुल 40 में से सिर्फ 4 सीटों पर पहले फेज में मतदान हो रहा है। इसके लिए 38 प्रत्याशी मैदान में हैं। दोपहर 1 बजे तक चारों सीटों पर औसतन 32.51% वोटिंग वोट पड़े। चुनाव आयोग ने शांतिपूर्ण और सुचारू मतदान के लिए 7903 बूथ बनाए हैं। सुबह 7 बजे से पोलिंग बूथ पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। हालांकि, पिछले चुनाव के मुकाबले इस बार वोटिंग की रफ्तार कुछ सुस्त है।

बिहार की चार सीटों औरंगाबाद, गया, नवादा एवं जमुई में कड़ी सुरक्षा के बीच सुबह 7 बजे से पहले चरण का मतदान शुरू हुआ। संवेदनशील बूथों पर 4 बजे और बाकी बूथ पर शाम 6 बजे तक मतदान प्रक्रिया जारी रहेगी। निर्वाचन आयोग ने चारों सीटों पर 5021 बूथों को अति संवेदनशील घोषित किया है।

नवादा में दूल्हा-दूल्हन ने किया मतदान
- नवादा के बूथ संख्या 234 पर तैनात एक सिपाही की SLR रायफल चोरी हो गई। साथ ही 20 गोलियां भी चोरी हो गईं। इसके बाद सिपाही को सस्पेंड कर दिया गया है।

-डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी वोट डालने के लिए पैतृक इलाके मुंगेर पहुंचे।
- गया के आरजेडी कैंडिडेट और पूर्व मंत्री कुमार सर्वजीत पत्नी के साथ ई-रिक्शा में सवार होकर मतदान करने पहुंचे। 
- नवादा से आरजेडी प्रत्याशी श्रवण कुशवाहा ने भी मताधिकार का प्रयोग किया। नवादा में सबसे ज्यादा 20 लाख वोट करेंगे। 
- नवादा में नवविवाहिता दंपती पोलिंग बूथ पर पहुंचे और अपने मताधिकार का प्रयोग किया। दुल्हन सुष्मिता और दूल्हे प्रदीप ने शादी के बाद लोकतंत्र के प्रति अपना कर्तव्य पूरा किया।
- गया में मंत्री प्रेम कुमार साइकिल से मतदान करने के लिए पहुंचे। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कहा कि आज एंवायरमेंट को बचाना बेहद आवश्यक है। 

कहां-कितने फीसदी मतदान हुआ?
दोपहर 3 बजे तक  बिहार में दोपहर तीन बजे तक के वोटिंग टर्नआउट रिपोर्ट में मुताबिक, जमुई में सबसे ज्यादा 44.46 %, नवादा में 37.77 %, गया में 39.35% और औरंगाबाद में 42.20 % वोटिंग हुई। नक्सल प्रभावित इलाकों में शाम 4 बजे वोटिंग रोक दी गई। 

चारों सीटों पर कौन-कौन लड़ रहा है चुनाव? 
गया लोकसभा सीट: यहां पूर्व सीएम जीतराम मांझी एनडीए के उम्मीदवार हैं। उनका सीधा मुकाबला आरजेडी के कुमार सर्वजीत से हैं। 
जमुई लोकसभा सीट: यहां लोजपा (रामविलास) नेता चिराग पासवान के जीजा अरुण भारती हैं। उनकी टक्कर आरजेडी की अर्चना रविदास से है। 
नवादा लोकसभा सीट: यहां आरजेडी के श्रवण कुशवाहा और एनडीए उम्मीदवार विवेक ठाकुर के बीच कांटे की टक्कर मानी जा रही है। 
औरंगाबाद लोकसभा सीट: यहां आरजेडी के अभय कुशवाहा और एनडीए कैंडिडेट सुशील सिंह के बीच मुकाबला है।

पहले चरण में इन राज्यों में भी मतदान
लोकसभा चुनाव के पहले चरण में राजस्थान में 12, उत्तर प्रदेश में 8, मध्य प्रदेश में 6, बिहार में 4, पश्चिम बंगाल में 3, असम और महाराष्ट्र में 5-5, मणिपुर में 2 और त्रिपुरा, जम्मू कश्मीर तथा छत्तीसगढ़ में एक-एक सीट पर वोटिंग हो रही है। साथ ही तमिलनाडु में 39, मेघालय में 2, उत्तराखंड में 5, अरुणाचल प्रदेश में 2 और अंडमान निकोबार द्वीप समूह, मिजोरम, नगालैंड, पुडुचेरी, सिक्किम, लक्षद्वीप की एक-एक लोकसभा सीट पर भी मतदान जारी है।