राजस्थान के भिवाड़ी में एक पटाखा फैक्ट्री में हुए धमाके में 7 मजदूरों की मौत हो गई। मृतकों में बिहार के मोतिहारी के 5 युवा शामिल हैं, जो होली पर घर आने वाले थे। प्रधानमंत्री और सीएम ने जताया दुख।

Rajasthan, Bhiwadi Factory Blast: राजस्थान के भिवाड़ी स्थित एक केमिकल पटाखा फैक्ट्री में सोमवार को एक के बाद एक चार भयानक धमाके हुए। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि पूरी फैक्ट्री देखते ही देखते आग के गोले में तब्दील हो गई। हादसे के समय फैक्ट्री के अंदर करीब 25 मजदूर काम कर रहे थे।

सूचना मिलते ही दमकल की 10 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब छह घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। राहत बचाव कार्य के दौरान अब तक फैक्ट्री से सात जले हुए कंकाल निकाले जा चुके हैं।

मोतिहारी के पांच घरों में पसरा मातम
इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले सात मजदूरों में से पांच बिहार के पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) जिले के रहने वाले थे। मृतकों में दो की पहचान शिकारगंज थाने के हराज नारायणपुर निवासी सुजंत कुमार (20 वर्ष) और घोड़ासहन के कवईया निवासी मिंटू पासवान (22 वर्ष) के रूप में हुई है।

परिजनों ने बताया कि ये सभी मजदूर होली का त्यौहार मनाने के लिए घर आने वाले थे। सुजंत कुमार का तो 20 फरवरी का टिकट भी बुक था, लेकिन घर पहुंचने से पहले ही उसकी मौत की खबर आ गई।

सीसीटीवी में कैद हुआ खौफनाक मंजर
फैक्ट्री में हुए धमाकों का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार साफ देखा जा सकता है। धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि आसपास की इमारतों में भी कंपन महसूस किया गया। हादसे के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है और पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं।

गांवों में नहीं जले चूल्हे, सुरक्षा को लेकर डर
हादसे की खबर जैसे ही मोतिहारी के गांवों में पहुंची, पूरे इलाके में मातम छा गया। मृतकों के टोलों में किसी भी घर में सोमवार को खाना नहीं बना।

ग्रामीणों का कहना है कि रोजी-रोटी की तलाश में उनके इलाके से बड़ी संख्या में लोग दूसरे राज्यों में जाते हैं, लेकिन उन्हें यह अंदाजा नहीं था कि वहां उन्हें इतने खतरनाक हालात में काम करना पड़ता है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे शवों को वापस लाने के लिए भिवाड़ी रवाना हो गए हैं।