बिहार के अरवल जिले में कुर्था से जेडीयू विधायक पप्पू कुमार वर्मा से 50 हजार रुपये की रंगदारी मांगी गई है। सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी और धमकी के बाद पुलिस ने 3 लोगों पर केस दर्ज किया है।

Bihar News: बिहार में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि अब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी के विधायक भी सुरक्षित नहीं हैं। ताजा मामला अरवल जिले का है, जहां कुर्था से जेडीयू विधायक पप्पू कुमार वर्मा से रंगदारी मांगी गई है। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

सोशल मीडिया पर दी गाली और मांगी रंगदारी
अरवल जिले के कुर्था विधानसभा क्षेत्र से जनता दल यूनाइटेड (JDU) के विधायक पप्पू कुमार वर्मा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि कुछ असामाजिक तत्व उन्हें लगातार परेशान कर रहे हैं। विधायक का आरोप है कि उनसे 50 हजार रुपये की रंगदारी मांगी गई है। इतना ही नहीं, अपराधियों ने फेसबुक और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उनके खिलाफ बेहद अभद्र भाषा का प्रयोग किया और गाली-गलौज की। विधायक ने कहा कि इस कृत्य से उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को गहरा आघात पहुंचा है।

इन तीन लोगों पर नामजद केस दर्ज
विधायक पप्पू वर्मा की शिकायत के आधार पर शहर तेलपा थाना में तीन लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की गई है। आरोपियों की पहचान प्रवीण कुमार यादव (चैनपुर, शहर तेलपा), रविंद्र गोप (चौहर, शहर तेलपा) और अवधेश यादव (मखदुमपुर थाना, कुर्था) के रूप में हुई है। विधायक ने अपने आवेदन में स्पष्ट किया है कि इन लोगों ने डिजिटल माध्यमों का सहारा लेकर उन्हें धमकी दी और पैसों की मांग की।

पुलिस की कार्रवाई और जांच
शहर तेलपा थाना अध्यक्ष कन्हैया कुमार ने बताया कि विधायक के आवेदन पर केस नंबर 20/26 दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने रंगदारी मांगने, धमकी देने और आईटी एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

एसपी ने दी मामले की जानकारी
इस पूरे मामले पर अरवल की पुलिस अधीक्षक (SP) डॉक्टर नवजोत सिमी ने पुष्टि की है कि विधायक की शिकायत पर विधि सम्मत कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है और सोशल मीडिया पर किए गए कमेंट्स का रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है। सत्ताधारी दल के विधायक के साथ हुई इस घटना ने जिले में कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।