Bihar Politics: नालंदा में ग्रामीणों का गुस्सा फूटा, मंत्री श्रवण कुमार को 1 KM तक खदेड़ा; देखें Video

नालंदा में ग्रामीणों का गुस्सा फूटा, मंत्री श्रवण कुमार को 1 KM तक दौड़ाया
Shravan Kumar chased Nalanda : बिहार के नालंदा जिले में समस्याओं से परेशान ग्रामीणों ने मंत्री श्रवण कुमार के काफिले पर हमला कर दिया। बीच बचाव में सिक्योरिटी गार्ड घायल हो गया। श्रवण कुमार जेडीयू कोटे से नीतीश सरकार में ग्रामीण विकास मंत्री हैं। बुधवार (27 अगस्त) सुबह वे सड़क हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों से मिलने मलावां गांव गए थे, तभी ग्रामीण उनका विरोध करने लगे।
नालंदा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का गृह जिला है। श्रवण कुमार उनके करीबी मंत्री हैं, लेकिन हिलसा थाना क्षेत्र के मलावां गांव में उन्हें ग्रामीणों ने घेर लिया। नारेबाजी करते हुए करीब एक किलोमीटर तक दौड़ाया। लोगों का आक्रोश देख मंत्री असहज हो गए।
— sonelal.kushwaha (@KushwahaK45286) August 27, 2025
परदनी पकड़े भागते दिखे मंत्री
मलावां गांव में हुई इस घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। इसमें ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार परदनी पकड़े भागते दिख रहे हैं। ग्रामीण उनके खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। सिक्योरिटी गार्ड और पुलिस जवानों ने समझा बुझाकर उन्हें किसी तरह शांत कराया।दो दिन पहले हुआ था भीषण हादसा
नालंदा जिले में 2 दिन पहले एक सड़क हादसा हुआ था, जिसमें 9 लोगों की मौत हो गई। मंत्री श्रवण कुमार स्थानीय विधायक प्रेम मुखिया के साथ पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने मलावां गांव पहुंचे थे। मुलाकात के बाद जब बाहर निकलने लगे, तभी ग्रामीणों ने उन पर हमला कर दिया।
घटना के बाद भागे मंत्री-विधायक
घटना के बाद मंत्री और विधायक किसी तरह से मौके से भागे। उनके सुरक्षाकर्मियों को चोट आई है। घटना की जानकारी मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
मदद का भरोसा दिलाने पहुंचा था
मंत्री श्रवण कुमार ने घटना पर प्रतिक्रिया दी है। कहा, सड़क दुर्घटना में जीविका दीदियों की मौत हुई है। इस दुखद घटना के बाद परिवार को सान्त्वना देने पहुंचा था। सरकार की ओर से मदद का आश्वासन दिया, लेकिन इसमें भी कुछ लोग नाराज हाे गए।
