Bihar Election 2025: 'जब भी मौका मिला कांग्रेस-विपक्ष ने बिहार को अपमानित किया' राहुल गांधी पर जमकर बरसे सीएम डॉ. मोहन, जानें क्या कहा?

Bihar Chunav 2025: बिहार विधानसभा चुनावों के मद्देनजर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गया के हरिदास सेमिनरी स्कूल में आयोजित जनसभा में कांग्रेस और इंडिया गठबंधन को कड़ी आलोचना का सामना कराया। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर तीखे शब्दों का प्रयोग करते हुए कहा कि राहुल गांधी देश और उसकी संस्थाओं का अपमान कर रहे हैं।
सीएम ने कहा, "जहां महात्मा गांधी की कांग्रेस राम राज्य की कामना करती थी, वहीं आज की कांग्रेस में न भाषा का सम्मान है, न व्यवहार का। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और वर्तमान नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की तुलना में बहुत फर्क है। जब भी राहुल गांधी बोलते हैं तो देश और देशवासियों का अपमान होता है।"
उन्होंने यह भी कहा कि राहुल गांधी सेना का अपमान कर रहे हैं और जब हमारे जवान सीमा पर अपनी जान की परवाह किए बिना देश की रक्षा करते हैं, तब राहुल गांधी उनसे प्रमाण मांगते हैं। "ऐसे लोगों को बिहार की जनता जवाब देगी," सीएम ने कहा।
इंडिया गठबंधन को निशाने पर लिया
सीएम मोहन यादव ने कांग्रेस के अलावा इंडिया गठबंधन की अन्य पार्टियों को भी निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष बिहार का अपमान कर रहे हैं और इंडिया गठबंधन के सदस्य आम आदमी पार्टी के पंजाब के मुख्यमंत्री द्वारा बिहार को बदनाम किया जा रहा है। इसके साथ ही ममता बनर्जी द्वारा भी बिहार के खिलाफ अपशब्द कहे जा रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि बिहार में एनडीए गठबंधन की जीत सुनिश्चित है और भाजपा की मजबूत स्थिति से राज्य का विकास होगा।
सीएम ने कहा, "भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश एक नई ऊंचाई पर पहुंच रहा है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में भी राज्य में विकास के नए आयाम खुले हैं, युवाओं को रोजगार मिल रहा है और पलायन कम हुआ है।"
सांस्कृतिक केंद्रो का होगा विकास
मुख्यमंत्री ने सांस्कृतिक दृष्टि से गया और मध्यप्रदेश के बीच विशेष संबंध का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि गया का सनातन संस्कृति में बड़ा महत्व है और यहां भव्य सांस्कृतिक केंद्रों का विकास होना चाहिए, जैसे कि उज्जैन में महाकाल लोक और अयोध्या में श्रीराम मंदिर का निर्माण हो चुका है। उन्होंने उम्मीद जताई कि गया में भी ऐसी सांस्कृतिक धरोहर विकसित होगी।
