बिहार: महिला कांग्रेस अध्यक्ष सरवत फातमा का इस्तीफा, पार्टी नेतृत्व पर लगाए गंभीर आरोप

बिहार महिला कांग्रेस अध्यक्ष सरवत फातमा का इस्तीफा।
Bihar PoliticsBihar Politics: बिहार में नई सरकार बनने के बाद कांग्रेस पार्टी एक बार फिर आंतरिक विवादों से घिर गई है। महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष सरवत जहां फातमा ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। फातमा ने टिकट वितरण प्रक्रिया में पक्षपात का आरोप लगाते हुए पार्टी नेतृत्व को कठघरे में खड़ा किया है।
फातमा ने अपने एक्स हैंडल पर इस्तीफे की जानकारी देते हुए लिखा कि विधानसभा चुनाव में टिकट वितरण के दौरान महिलाओं को जानबूझकर कमतर आंका गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी में महिलाओं को मात्र 8% प्रतिनिधित्व दिया गया, जिसके कारण दोनों सदनों में महिला नेतृत्व शून्य पर पहुंच गया।
फातमा ने लिखा, ''अपने 25 वर्षीय राजनीतिक जीवन में मैंने हमेशा नैतिकता और निडरता को प्राथमिकता दी है। महिला प्रतिनिधित्व की कमी और पार्टी के मूल सिद्धांतों से विचलन पर मैं नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपना इस्तीफा दे रही हूं।''
उन्होंने आगे यह भी कहा कि दिल्ली में बैठे नेताओं तक जमीनी कार्यकर्ताओं के सही सुझाव नहीं पहुंचाए गए। फातमा ने कहा, ''यहां के लोगों ने राहुल गांधी को गलत जानकारी दी… उन्हें चीट किया गया।''
कांग्रेस में बढ़ी अंदरूनी कलह
बिहार कांग्रेस में विवाद तब और गहरा गया जब प्रदेश नेतृत्व ने 43 पूर्व मंत्रियों, विधायकों और वरिष्ठ नेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया। इससे नाराज नेता बुधवार को पटना के सदाकत आश्रम में धरने पर बैठ गए।
इन नेताओं ने प्रदेश प्रभारी कृष्ण अलावरू और प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम को तत्काल हटाने की मांग की है।
कांग्रेस की ओर से अब तक इस विवाद पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई है।
