JDU प्रत्याशी मदन सहनी की बायोग्राफी: एक क्लिक में जानिए उम्र, शिक्षा, परिवार, संपत्ति और राजनीतिक सफर

बहादुरपुर विधानसभा सीट जेडीयू उम्मीदवार,मदन सहनी
JDU प्रत्याशी मदन सहनी की बायोग्राफी: मदन सहनी बिहार के एक जाने माने नेता हैं। उनकी गिनती बिहार में जेडीयू के दिग्गज नेताओं में होती है। वह कई बार विधायक चुने जा चुके हैं। इसके अलावा बिहार सरकार में मंत्री पद पर भी कार्यरत रह चुके हैं। इस दौरान उन्हें समाज कल्याण विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। मदन सहनी बिहार के मिथिलांचल क्षेत्र से आते हैं और इस क्षेत्र में उनकी राजनीतिक पकड़ मजबूत है। जानिए कौन हैं मदन प्रत्याशी...
राजनीतिक सफर
मदन सहनी ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत दरभंगा से स्थानीय स्तर पर जिला परिषद सदस्य के रूप में की। इसके बाद साल 2010 में पहली बार दरभंगा जिले की बहादुरपुर विधानसभा सीट से टिकट मिला। इस चुनाव में इन्होंने जीत दर्ज की और पहली बार विधायक बने। इसके बाद साल 2015 और 2020 के विधानसभा चुनाव में जेडीयू के ही टिकट पर अपनी जीत को बरकरार रखा।
साल 2015 से 2017 के बीच मदन सहनी को बिहार सरकार में खाद्य और उपभोक्ता संरक्षण विभाग का कैबिनेट मंत्री बनाया गया। इसके बाद फिर साल 2021 से 2022 के बीच उन्हें समाज कल्याण विभाग का कैबिनेट मंत्री बनाया गया था।
निर्वाचन क्षेत्र
मदनी सहनी को बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में दरभंगा जिले की बहादुरपुर विधानसभा सीट से टिकट दिया गया है। इस सीट पर वह इससे पहले भी 3 बार जीत का परचम लहरा चुके हैं।
व्यक्तिगत जानकारी और शिक्षा
जनता दल यूनाइटेड के मदन सहनी बिहार राज्य के प्रमुख नेताओं में से एक हैं। उनका जन्म 17 मई 1971 को बिहार के दरभंगा जिले के खराजपुर गांव में हुआ था। उनके पिता स्वर्गीय बिंदेश्वर सहनी थे। वह निषाद समुदाय से आते हैं, जिन्हें बिहार में अति पिछड़ा वर्ग (EBC) में रखा गया है। उनकी पत्नी का नाम रेखा देवी है।
शिक्षा
मदन सहनी ने ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय से स्नातक किया है।
संपत्ति
मदनी सहनी द्वारा 2025 में दिए गए चुनावी हलफनामे के अनुसार, उनके पास लगभग 1.72 करोड़ रुपये की चल और अचल संपत्ति है।
