बिहार चुनाव 2025: इन 7 विधानसभा क्षेत्रों में सिर्फ 3 बजे तक होगी वोटिंग, जानें पूरी लिस्ट

Bihar Assembly Election 2025 Phase 2 Voting
Bihar Chunav 2025 Phase 2 Voting: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे और अंतिम चरण के मतदान से पहले बड़ा अपडेट सामने आया है। चुनाव आयोग ने सुरक्षा कारणों से कुछ संवेदनशील विधानसभा क्षेत्रों में मतदान का समय घटा दिया है। इन क्षेत्रों में वोटिंग दोपहर 3 बजे तक ही होगी।
चुनाव आयोग ने जिन इलाकों की पहचान की है, वहां अति-संवेदनशील बूथों पर सुरक्षा कारणों से जल्दी मतदान समाप्त किया जाएगा। विशेष रूप से इमामगंज विधानसभा क्षेत्र की 7 बूथों पर केवल 3 बजे तक ही वोटिंग होगी। इसके अलावा, इमामगंज की 354 बूथों पर शाम 4 बजे तक, जबकि बोधगया की 200 बूथों पर 4 बजे और 106 बूथों पर शाम 5 बजे तक मतदान चलेगा।
इसके अलावा, चैनपुर, रजौली, गोविंदपुर, सिकंदरा, जमुई, झाझा और चकाई जैसे क्षेत्रों की सभी बूथों पर शाम 4 बजे तक ही वोटिंग होगी। यह फैसला निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए लिया गया है।
दूसरे चरण में 122 सीटों पर 1302 उम्मीदवार मैदान में
11 नवंबर को होने वाले दूसरे चरण के मतदान में कुल 20 जिलों की 122 सीटों पर वोटिंग होगी। इस चरण में 1302 प्रत्याशी मैदान में हैं, जिनमें 136 महिलाएं और 1 थर्ड जेंडर उम्मीदवार भी शामिल हैं। कुल 3 करोड़ 70 लाख 13 हजार 556 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसके लिए 45,399 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें से 40,073 ग्रामीण और 5326 शहरी क्षेत्र में हैं।
क्षेत्रफल के लिहाज से भागलपुर (23.887 वर्ग किमी) सबसे छोटा जबकि चैनपुर (1814.15 वर्ग किमी) सबसे बड़ा विधानसभा क्षेत्र है। मतदाताओं की संख्या के अनुसार, मखदुमपुर में सबसे कम (2.47 लाख) और हिसुआ में सबसे अधिक (3.67 लाख) मतदाता हैं।
पहले चरण में रिकॉर्ड 65% मतदान
पहले चरण में 65.08% मतदान दर्ज हुआ, जो बिहार के चुनाव इतिहास में सबसे अधिक रहा। खास बात यह रही कि महिलाओं ने पुरुषों से अधिक मतदान किया। महिलाओं का मतदान प्रतिशत 69.04%, जबकि पुरुषों का 61.56% रहा। मीनापुर विधानसभा सीट पर सबसे अधिक 77.54% मतदान हुआ था। उम्मीद की जा रही है कि दूसरा चरण भी इसी तरह उत्साहपूर्ण रहेगा और मतदान का नया रिकॉर्ड बना सकता है।
