बिहार चुनाव रिजल्ट: दो सीटों पर BJP-JDU उम्मीदवारों को मिले बराबर वोट, RJD ने ECI से उठाए सवाल

Tejashwi Yadav
X

Tejashwi Yadav (File Photo)

बिहार चुनाव परिणामों पर आरजेडी ने फिर सवाल खड़े किए हैं। राजगीर और कुढ़नी सीट पर BJP-JDU उम्मीदवारों को एक समान 1,07,811 वोट मिलने पर आरजेडी ने चुनाव आयोग से जवाब मांगा है। पार्टी ने बेईमानी और पोस्टल बैलेट रिजेक्शन पर भी आरोप दोहराए हैं।

Bihar Politics: बिहार में नई सरकार का गठन और मंत्रियों के विभागों का बंटवारा पूरा हो चुका है। लेकिन विधानसभा चुनाव में करारी हार झेलने के बाद आरजेडी अभी भी नतीजों को लेकर सवाल उठाती नजर आ रही है। अब पार्टी ने दो सीटों पर एक जैसे वोट मिलने को लेकर चुनाव आयोग से जवाब मांगा है।

आरजेडी ने राजगीर और कुढ़नी सीट के परिणामों पर आपत्ति जताई है। पार्टी के मुताबिक दोनों सीटों पर जीतने वाले उम्मीदवारों को ठीक एक समान 1,07,811 वोट मिले, जो संदेह पैदा करने वाला मामला है।

कुढ़नी सीट का विवाद

कुढ़नी सीट पर भाजपा उम्मीदवार केदार प्रसाद गुप्ता को 1,07,811 वोट मिले। उन्होंने आरजेडी प्रत्याशी सुनील कुमार सुमन को 9,718 वोटों से मात दी।

राजगीर सीट का मामला

राजगीर से जेडीयू प्रत्याशी कौशल किशोर को भी कुल 1,07,811 वोट मिले। उन्होंने सीपीआई उम्मीदवार विश्वनाथ चौधरी को 55,428 वोटों से हराया।

आरजेडी ने दोनों परिणामों का स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए अपने आधिकारिक X हैंडल पर कटाक्ष करते हुए लिखा, ''इन दोनों छात्रों ने मास्टर ज्ञानेश कुमार गुप्ता को खाली कॉपी जमा की थी। मास्टर साहब ने भेदभाव किए बिना दोनों को एक जैसे अंक दे दिए।''

पहले भी उठे थे आरोप

आरजेडी इससे पहले भी नबीनगर, अगिआंव और संदेश सीटों पर पोस्टल बैलेट रिजेक्शन को लेकर चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगा चुकी है। पार्टी का दावा था कि इन सीटों पर रिजेक्ट पोस्टल वोट की संख्या, हार के अंतर से ज्यादा थी, जो चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठाता है।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story