बिहार चुनाव 2025: मोहन यादव का विपक्ष पर हमला, बोले- छठी मैया का अपमान करने वालों को जनता देगी जवाब

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बिहार चुनाव में NDA के लिए मांगे वोट।
Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के मद्देनजर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शुक्रवार, 31 अक्टूबर को पटना में एनडीए के समर्थन में प्रचार किया। उन्होंने मनेर विधानसभा में एनडीए प्रत्याशी जितेंद्र यादव और दीघा विधानसभा में संजीव चौरसिया के लिए जनसभा की और जनता से वोट की अपील की।
मोहन यादव बिहार में लगातार रैलियां और जनसभाएं कर रहे हैं। कई सीटों पर उनकी मौजूदगी का असर भी दिख रहा है, जहां उनके कार्यक्रमों में भारी भीड़ उमड़ रही है।

बिहार में एनडीए की जीत का माहौल
मोहन यादव ने कहा कि बिहार चुनाव में यह उनका सातवें दिन का दौरा है और एनडीए की जीत का वातावरण बन चुका है। बिहार में एक बार फिर नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि बिहार की धरती से उनका खास संबंध है। यहां उनके कुल की बराह देवी का मंदिर है और यही भूमि सम्राट अशोक के शासनकाल और भगवान श्रीकृष्ण के पुत्र साम्ब द्वारा बनाए गए सूर्य मंदिर के लिए भी जानी जाती है।

बदल रहा है बिहार और मध्यप्रदेश
उन्होंने कहा कि आज देश में 56 इंच वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार है। उनके मार्गदर्शन में अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण हुआ, महाकाल लोक का शुभारंभ हुआ और अब मथुरा में कृष्ण-कन्हैया का तीर्थ बनने जा रहा है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में भाजपा ने एक साधारण कार्यकर्ता को मुख्यमंत्री बनाया है, यही लोकतंत्र की सुंदरता है।

विपक्ष करता है बिहार का अपमान
मोहन यादव ने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि एक ही परिवार के लोग चुनाव लड़ रहे हैं। राहुल गांधी की वाणी पर नियंत्रण नहीं है, वे बिहार आकर छठी मैया का अपमान करते हैं। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री बिहारियों को अपराधी बताती हैं और कांग्रेस अध्यक्ष बिहार को छोटा-मोटा राज्य कहते हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को 6 नवंबर को कमल का बटन दबाकर सबक सिखाएं।
नेता प्रतिपक्ष ने ऐसी भाषा बोली, जिससे हर कोई शर्मसार हो जाए। वे बिहार आकर छठी मैया का अपमान करते हैं। ऐसी भाषा बोलने वालों का लोकतंत्र में कोई स्थान नहीं है। बिहार की जनता इन्हें सबक सिखाएगी।
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) October 31, 2025
आज पटना जिले के दीघा विधानसभा क्षेत्र में आयोजित जनसभा में भाजपा के प्रत्याशी श्री… pic.twitter.com/Mdj58hyI9O
लाभान्वित होंगी बहनें
मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में लाड़ली बहना योजना के तहत महिलाओं को हर माह 1500 रुपए दिए जा रहे हैं। बिहार में भी बहनों को अभी 10 हजार का लाभ मिला है और इसे 2 लाख रुपए तक पहुंचाने की योजना है। मोदी के नेतृत्व में जो कहा जाता है, वह पूरा होता है।
अब तक की रैलियां
मोहन यादव का बिहार दौरा 16 अक्टूबर से शुरू हुआ। अब तक वे कुम्हरार, विक्रम, गया, हिसुआ, बगहा, सहरसा, सिकटा, कटोरिया (बांका), नाथनगर (भागलपुर) और आलमनगर (मधेपुरा) में रैलियां कर चुके हैं। हर जगह जनता का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
