Bihar election 2025: 'चुनाव बिहार में लेकिन पप्पू पचमढ़ी में...' सीएम मोहन यादव का कांग्रेस पर तंज, बोले- कांग्रेस की हालत बिन दूल्हे की बारात जैसी

Madhya Pradesh cm Mohan Yadav
Bihar election 2025: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री और बीजेपी के स्टार प्रचारक मोहन यादव ने 8 नवंबर को बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभाएं कीं। उन्होंने बांका की बेलहर, मोतिहारी की पिपरा और गया की बोधगया विधानसभा में लोगों से एनडीए को वोट देने की अपील की।
सभा में उन्होंने कहा, "यह धर्म और अधर्म की लड़ाई है। कांग्रेस के पप्पू को समझ नहीं है कि चुनाव बिहार में है, लेकिन वो पचमढ़ी में छुट्टियां मना रहे हैं। कांग्रेस की हालत बिन दूल्हे की बारात जैसी हो गई है।"
एनडीए ही जनता के सपनों को साकार कर सकती है
मोहन यादव ने कहा कि जनता अब समझ चुकी है कि केवल एनडीए ही बिहार और देश के विकास की गारंटी है। उन्होंने कहा कि बीजेपी और जेडीयू की जोड़ी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार चला रही है।

उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण का उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे पांच पांडवों ने विशाल सेना को हराया था, वैसे ही एनडीए भी जनता के आशीर्वाद से जीत हासिल करेगी।
कांग्रेस ने किसानों के साथ किया पाप
मोहन यादव ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस सरकारों ने कभी किसानों का सम्मान नहीं किया। जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने पीएम किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं से किसानों को सीधा लाभ पहुंचाया। उन्होंने कहा, "सीमा पर जवान और खेत में किसान, दोनों की भूमिका समान है, लेकिन कांग्रेस ने दोनों की अनदेखी की।"

आज का भारत पहले से कहीं अधिक मजबूत
सीएम मोहन यादव ने कहा कि आज का भारत बदल चुका है। अगर पाकिस्तान गोली चलाता है, तो भारत उसी भाषा में जवाब देता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के समय सैनिकों का अपमान होता था और तब के प्रधानमंत्री चुप रहते थे, लेकिन आज प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में तीन बार पाकिस्तान को घर में घुसकर जवाब दिया गया है।

कांग्रेस की हालत बिन दूल्हे की बारात जैसी
उन्होंने राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए कहा, "कांग्रेस के नेता चुनाव वाले राज्य को छोड़कर मध्यप्रदेश के पचमढ़ी में छुट्टियां मना रहे हैं। कांग्रेस की हालत बिन दूल्हे की बारात जैसी हो गई है। उनका दूल्हा तो भाग गया है।"
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने बिहार की संस्कृति और छठ महापर्व का अपमान किया है। जनता 11 नवंबर को वोट डालकर इसका जवाब देगी।

कांग्रेस चुनावी मैदान से भाग रही है
पिपरा विधानसभा में बोलते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस को न तो बिहार की संस्कृति से प्रेम है और न ही जनता की भावनाओं से। बिहार ने हमेशा दुनिया में अपनी पहचान बनाई है और इस बार भी बिहार एनडीए के पक्ष में मतदान कर एक नया इतिहास रचेगा।
एनडीए सबका विकास करने वाली सरकार
गया के बोधगया में यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए की सरकार हर वर्ग का कल्याण कर रही है। उन्होंने कहा,"कांग्रेस के नेता मैदान छोड़ चुके हैं, जबकि एनडीए के नेता दिन-रात जनता के बीच काम कर रहे हैं।"
उन्होंने भरोसा जताया कि जनता इस बार भी प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की डबल इंजन सरकार पर भरोसा जताएगी।
