'आपके हाथ में सुदर्शन चक्र है': CM मोहन यादव ने बिहार में एनडीए के लिए मांगे वोट, महागठबंधन पर प्रहार

Bihar chunav 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की सरगर्मियों के बीच मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बुधवार को बगहा, सहरसा और सिकटा में एनडीए प्रत्याशियों के समर्थन में धुंआधार जनसभाएं कीं। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और महागठबंधन पर तीखा हमला बोलते हुए कहा, ''आपके हाथ में सुदर्शन चक्र है, अब नापाक गठबंधनों का नाश करने का समय आ गया है।''
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बिहार और देश दोनों की तस्वीर बदल गई है। अब यह चुनाव विकास बनाम वंशवाद का है।

कांग्रेस पर मोहन यादव का प्रहार
मुख्यमंत्री यादव ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि पार्टी देश में ही नहीं बल्कि विदेश में भी जनता का अपमान करती है। कांग्रेस के नेता सैनिकों के पराक्रम का सबूत मांगते हैं। राहुल गांधी को शर्म आनी चाहिए। जिस तरह भगवान श्रीकृष्ण ने शिशुपाल की सौ गलतियां माफ कर दीं, वैसे ही अब जनता को कांग्रेस के कर्मों का हिसाब लेना चाहिए।

उन्होंने कहा कि राजद का कांग्रेस के साथ गठबंधन दुर्भाग्यपूर्ण है। जिन्होंने कभी जेल में डाला, उन्हीं के साथ आज राजद खड़ी है। ये बिहार की राजनीति के लिए शर्म की बात है।
भाजपा में सबका साथ, सबका विकास
CM यादव ने कहा कि भाजपा परिवारवाद की राजनीति नहीं करती। उन्होंने कहा, ''न मेरे घर विधायक, न सांसद, फिर भी मुझे मुख्यमंत्री बनाया गया। यही असली लोकतंत्र है — 'सबका साथ, सबका विश्वास, सबका प्रयास।'

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने गरीबों, पिछड़ों और किसानों को केंद्र में रखकर देश को नई दिशा दी है।
बिहार की पहचान और जनता की ताकत पर बोले मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि बिहार के लोग देश के हर क्षेत्र में नाम रोशन कर रहे हैं — चाहे वो आईएएस, आईपीएस, डॉक्टर या इंजीनियर हों। बिहार जो करता है, अलग करता है। यहां की प्रतिभा देश का गौरव है।
महागठबंधन नहीं, ‘महाठगबंधन’: CM यादव
सीएम ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि महागठबंधन जनता का अपमान कर रहा है। उन्होंने कहा कि जनता को तय करना है कि लायक के साथ है या नालायक के साथ। विपक्ष के इस कीचड़ के बीच अब कमल खिलाना है।
राम-भक्ति और सनातन संस्कृति पर बोले मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि बिहार का भगवान श्रीराम से विशेष संबंध है। उन्होंने कहा, ''श्रीराम तो बिहार के दामाद हैं। कांग्रेस ने हमेशा राम मंदिर निर्माण का विरोध किया, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आज अयोध्या में भव्य मंदिर खड़ा है।''
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश को उसकी सनातनी जड़ों से जोड़ा है।
मुख्यमंत्री यादव ने अपने भाषण का समापन भगवान श्रीकृष्ण और सुदामा की मित्रता के उदाहरण से किया। उन्होंने कहा, ''अगर आपका दोस्त गरीब है तो उसे भूलो मत। सुदामा की तरह हर जरूरतमंद की मदद करो, यही सच्चा धर्म है।''
