Bihar Election 2025: मोहन यादव ने कहा- बिहार में सिर्फ NDA ही कर सकता है विकास; विपक्ष पर जमकर बोला हमला

election-2025-mohan-yadav-nda-vikas-oppn-attack
X

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बांका, भागलपुर और मधेपुरा में जनसभाएं कीं।

बिहार में प्रचार के दौरान मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बांका, भागलपुर और मधेपुरा में जनसभाएं कीं। उन्होंने कहा कि बिहार में विकास की अपार संभावनाएं हैं और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में ही प्रदेश आगे बढ़ सकता है।

Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 का प्रचार अब जोर पकड़ चुका है। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बुधवार, 29 अक्टूबर को बांका जिले की कटोरिया, भागलपुर की नाथनगर और मधेपुरा की आलमनगर विधानसभा सीटों पर जनसभाएं कीं। उन्होंने जनता से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के पक्ष में मतदान की अपील की।

बिहार में विकास की अपार संभावनाएं

मोहन यादव ने कहा कि बिहार में विकास की अपार संभावनाएं हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ही यह राज्य तरक्की कर सकता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने किसानों के साथ हमेशा अन्याय किया जबकि मोदी सरकार ने किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं के माध्यम से 74 लाख किसानों को सीधे लाभ पहुंचाया है।


यादव ने कहा कि भाजपा ऐसी पार्टी है जो जातिवाद से ऊपर उठकर हर वर्ग को आगे बढ़ने का अवसर देती है। उन्होंने कहा कि वे खुद एक किसान परिवार से हैं, लेकिन पार्टी ने उन्हें मुख्यमंत्री बनाया। भाजपा सबका साथ-सबका विकास के सिद्धांत पर चलती है।

विपक्ष पर साधा निशाना, कहा- कांग्रेसियों ने कुछ नहीं किया

सीएम मोहन यादव ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस की सरकारों ने ना तो किसानों के लिए कुछ किया, ना ही धार्मिक स्थलों के लिए सोचा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाए, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अयोध्या में श्रीराम मंदिर और सीता माता के जन्मस्थान को भव्य स्वरूप दिया।


उन्होंने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल केवल वोट बैंक की राजनीति करते हैं। बिहार की जनता को अब यह समझना होगा कि असली विकास कौन कर रहा है।

पीएम मोदी के नेतृत्व में बदल रहा देश

नाथनगर की सभा में मोहन यादव ने कहा कि साल 2005 के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने करवट बदली है और प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में देश ने नई ऊंचाइयां छुई हैं। उन्होंने कहा कि बाबा महाकाल लोक और काशी विश्वनाथ कॉरिडोर जैसे प्रोजेक्ट भारत की सांस्कृतिक पहचान को विश्व स्तर पर स्थापित कर रहे हैं।

छठ पूजा और बिहार की संस्कृति की प्रशंसा

मधेपुरा की सभा में उन्होंने कहा कि बिहार की धरती हमेशा से पूजनीय रही है, यहां भगवान बुद्ध और महावीर स्वामी का आशीर्वाद मिला है। छठ पूजा ने बिहार की संस्कृति को विश्व स्तर पर पहचान दिलाई है। माताएं-बहनें अपने परिवार के लिए उपवास रखती हैं, यही सनातन संस्कृति की ताकत है।

भारत की पहचान भगवान राम-कृष्ण से जुड़ी

मोहन यादव ने कहा कि भारत का व्यक्ति जब भी विदेश जाता है और कहता है कि वह राम-कृष्ण की धरती से आया है, तो लोग सम्मान से उसकी ओर देखते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार हर उस स्थान को तीर्थस्थल के रूप में विकसित करेगी जिसका संबंध भगवान श्री कृष्ण से है।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story