बिहार चुनाव 2025: केजरीवाल सभी 243 सीटों पर अकेले लड़ेंगे, पारस महागठबंधन के साथ, औवैसी ने बढ़ाई RJD की चिंता

बिहार विधानसभा: केजरीवाल सभी 243 सीटों पर अकेले लड़ेंगे, पारस महागठबंधन के साथ, औवैसी भी मैदान में
Bihar Elections 2025: बिहार में होने वाले विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। देश के प्रमुख दलों और नेताओं ने अपने पत्ते खोलने शुरू कर दिए हैं। गुरुवार (3 जुलाई) सुबह आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने अकेले चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। बताया कि उनकी पार्टी बिहार की सभी 243 विधानसभा सीटों पर अपने दम पर चुनाव लड़ेगी।
अरविंद केजरीवाल के इस फैसले ने राज्य के सियासी समीकरणों को उलझा दिया है। खासतौर पर जब इंडिया गठबंधन (INDIA Alliance) में सीट बंटवारे को लेकर पहले ही खींचतान मची हुई है। AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और पशुपति कुमार पारस ने भी बिहार विधानसभा चुनाव लड़ने की बात कही है।
केजरीवाल बोले-बिहार में बदलाव जरूरी
- अरविंद केजरीवाल ने कहा, बिहार पिछली दो दशकों से एक ही तरह की राजनीति हो रही है। अब यहां विकल्प देने का समय आ गया है। बिहार की जनता शिक्षा, स्वास्थ्य और भ्रष्टाचार के मुद्दों पर बदलाव चाहती है। हम बिहार के हर नागरिक तक AAP का विजन पहुंचाएंगे।
- AAP के इस फैसले से महागठबंधन में शामिल दलों जैसे RJD, कांग्रेस और वामदलों की चिंता बढ़ गई है, क्योंकि इससे वोटों का बंटवारा तय माना जा रहा है।
पारस होंगे INDIA गठबंधन के साथ
- राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (RLJP) के प्रमुख पशुपति कुमार पारस ने महागठबंधन के साथ जाने की घोषणा की है। उन्होंने समाचार एजेंसी ANI से चर्चा करते हुए कहा हमारी RJD से बातचीत हो चुकी है। जल्द ही हम महागठबंधन में शामिल होंगे। सीटों को लेकर कोई अड़चन नहीं है।
- पारस ने नीतीश सरकार पर जमकर निशाना साधा। कहा, बिहार में कानून व्यवस्था ध्वस्त है। महिलाओं पर अत्याचार बढ़ रहे हैं। बाढ़ जैसी आपदा में सरकार नाकाम रही है। पारस का यह कदम NDA के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है, खासकर जब RLJP लंबे समय तक केंद्र में उसका हिस्सा रही थी।
#WATCH | पटना, बिहार: राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के प्रमुख पशुपति कुमार पारस ने कहा, "हमारी बात हो चुकी है... हम जल्द से जल्द RJD गठबंधन, महागठबंधन में शामिल होंगे... अभी सीटों का सवाल नहीं है... हमने बिहार के 25 जिलों का दौरा किया है, लोग कह रहे हैं कि एक व्यक्ति, एक पार्टी की… pic.twitter.com/wvxmD1idYB
— ANI_HindiNews (@AHindinews) July 3, 2025
AIMIM भी उतरेगी मैदान में
AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने भी चुनाव लड़ने की घोषणा की है। उनकी पार्टी सीमांचल क्षेत्र की उन 20-25 सीटों पर ध्यान केंद्रित करेगी, जहां AIMIM का अच्छा जनाधार है। AIMIM की रणनीति पिछली बार की तरह ही ध्रुवीकरण और मुस्लिम वोट बैंक को केंद्र में रख सकती है।
NDA पर गंभीर आरोप
पशुपति पारस ने NDA पर मतदाताओं के मौलिक अधिकारों को कुचलने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित इलाकों में लोग दस्तावेज कैसे संभालें? सरकार और चुनाव आयोग का इस्तेमाल कर जनता को वोट देने से रोका जा रहा है।
पशुपति पारस ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) पर लोकतंत्र खत्म करने और बाबा साहेब अंबेडकर द्वारा दिए गए अधिकारों को कमजोर करने का आरोप लगाया है।
क्या कहती है बिहार की सियासी तस्वीर?
INDIA गठबंधन को जहां AAP और AIMIM के मैदान में उतरने से नुकसान हो सकता है, वहीं पारस की एंट्री से उन्हें सीमित राहत मिल सकती है। NDA के लिए यह चुनाव पिछले परफॉर्मेंस को दोहराने की चुनौती होगी, खासकर जब जनता के बीच सरकार को लेकर नाराजगी के सुर हैं। तीन दिशाओं से विपक्षी वोटों का विभाजन NDA के लिए मौका भी बन सकता है।
बहुकोणीय मुकाबले के आसार
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की राजनीतिक पटकथा रोचक मोड़ पर पहुंच गई है। यहां एक ओर AAP का अकेले उतरना महागठबंधन की रणनीति पर असर डाल सकता है, वहीं पारस-ओवैसी जैसे पुराने सहयोगी नई भूमिका में नजर आ सकते हैं। चुनावी तस्वीर अभी साफ नहीं है, लेकिन एक बात तय है कि बिहार में इस बार मुकाबला बहुकोणीय और जबरदस्त होने वाला है।
