निर्वाचन आयोग की ब्रीफिंग: बिहार में पहले चरण में 64.66% मतदान, 1,415 लोग गिरफ्तार

Bihar Election Commission Briefing
Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण की वोटिंग सम्पन्न हुआ। इसपर निर्वाचन आयोग ने शाम प्रेस कांफ्रेंस कर मतदान की ताजा स्थिति की जानकारी दी। आयोग ने बताया कि राज्य में कुल 64.66% मतदान दर्ज किया गया है।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी विनोद सिंह गुंजियाल ने बताया कि पहले चरण में 45,341 मतदान केंद्र बनाए गए थे, जिनमें से 8,608 शहरी क्षेत्र में और 36,733 ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित थे। सभी केंद्रों पर ईवीएम और वीवीपैट का उपयोग किया गया।
उन्होंने बताया कि मतदान के दौरान 385 बैलेट यूनिट, 421 कंट्रोल यूनिट और 847 वीवीपैट मशीनें बदली गईं। वहीं मॉक पोल के दौरान 165 बैलेट यूनिट, 159 कंट्रोल यूनिट और 480 वीवीपैट्स को बदला गया था।
सुरक्षा व्यवस्था और गिरफ्तारियां
एडीजी मुख्यालय कुंदन कृष्णन ने बताया कि पूरे राज्य में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। मतदान केंद्रों के आसपास संदिग्ध गतिविधियों में शामिल 1,415 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। यह आंकड़ा शाम 5 बजे तक का है।
उन्होंने कहा कि “कानून व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है और वोटिंग शांतिपूर्ण तरीके से जारी है।”
विजय कुमार सिन्हा की शिकायत पर क्या बोले अधिकारी
डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा द्वारा राजद एमएलसी पर शराब पीने की शिकायत के मामले में एडीजी ने बताया कि जांच कराई गई थी, लेकिन राजद नेता के शराब सेवन की पुष्टि नहीं हुई।
अंतिम डेटा आना अभी बाकी
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि कुछ मतदान केंद्रों से अभी तक पूर्ण डेटा प्राप्त नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि अंतिम आंकड़े देर रात तक सामने आ सकते हैं।
जिलेवार मतदान प्रतिशत (5 बजे तक)
- बेगूसराय: 67.32%
- भोजपुर: 53.24%
- बक्सर: 55.10%
- दरभंगा: 58.38%
- गोपालगंज: 64.96%
- खगड़िया: 60.65%
- लखीसराय: 62.76%
- मधेपुरा: 65.74%
- मुंगेर: 54.90%
- मुजफ्फरपुर: 64.63%
- नालंदा: 57.58%
- पटना: 55.02%
- सहरसा: 62.65%
- समस्तीपुर: 66.65%
- सारण: 60.90%
- शेखपुरा: 52.36%
- सीवान: 57.41%
- वैशाली: 59.45%
बिहार चुनाव 2025 के पहले चरण की शांतिपूर्ण वोटिंग के साथ अब सभी की नजरें दूसरे चरण की वोटिंग पर टिकी हैं।
