TRE-4 शिक्षक भर्ती को लेकर पटना में महाआंदोलन का ऐलान: छात्र नेता दिलीप बोले– शिक्षा मंत्री पर नहीं रहा भरोसा

छात्र नेता दिलीप कुमार। (फाइल फोटो)
TRE 4 Teacher Bharti: बिहार लोक सेवा आयोग की चौथे चरण की शिक्षक भर्ती परीक्षा (TRE-4) को लेकर एक बार फिर सियासी और सामाजिक हलचल तेज हो गई है। छात्र नेता दिलीप कुमार ने TRE-4 का विज्ञापन जारी नहीं होने पर नाराजगी जताते हुए 16 फरवरी को पटना में बड़े आंदोलन की घोषणा की है। उन्होंने राज्यभर के शिक्षक अभ्यर्थियों से इस आंदोलन में शामिल होने की अपील की है।
शिक्षा मंत्री पर वादाखिलाफी का आरोप
मीडिया से बातचीत में दिलीप कुमार ने कहा कि शिक्षा मंत्री सुनील कुमार के बयानों पर अब उन्हें भरोसा नहीं रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षक भर्ती को लेकर बार-बार तारीखें और आश्वासन दिए गए, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। छात्र नेता का कहना है कि सरकार को जो वादा किया गया था, उसे समय पर पूरा करना चाहिए।
सरकार के पुराने वादों की दिलाई याद
दिलीप कुमार ने बताया कि विधानसभा चुनाव से पहले TRE-4 के जल्द विज्ञापन का वादा किया गया था। यहां तक कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी जुलाई 2025 में इसको लेकर सार्वजनिक बयान दिया था। इसके बाद शिक्षा मंत्री ने भी प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विज्ञापन और परीक्षा की संभावित तारीखों का संकेत दिया था।
नई सरकार के गठन के बाद भी नहीं आई अधिसूचना
छात्र नेता ने कहा कि हालिया चुनाव में सरकार को मजबूत बहुमत मिला और नई सरकार बने साढ़े तीन महीने से ज्यादा हो चुके हैं, लेकिन अब तक TRE-4 का विज्ञापन जारी नहीं हुआ। इससे लाखों शिक्षक अभ्यर्थियों में निराशा और आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
BPSC कैलेंडर और बजट में भी नहीं मिला जिक्र
उन्होंने यह भी बताया कि जनवरी महीने में शिक्षा मंत्री ने दावा किया था कि TRE-4 की अधियाचना जल्द भेजी जाएगी और महीने के अंत तक विज्ञापन आ जाएगा। लेकिन जब BPSC ने वार्षिक परीक्षा कैलेंडर जारी किया, तो उसमें TRE-4 का नाम तक नहीं था। वहीं, सरकार के बजट भाषण में भी इस भर्ती का कोई उल्लेख नहीं किया गया।
16 फरवरी को पटना में महाआंदोलन की चेतावनी
दिलीप कुमार ने कहा कि इससे साफ है कि शिक्षा विभाग और BPSC के बीच TRE-4 को लेकर कोई ठोस संवाद नहीं हुआ। इसी वजह से शिक्षक अभ्यर्थियों को मजबूरन आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि 16 फरवरी को पटना में बड़ा आंदोलन होगा और सरकार को जवाब देना पड़ेगा।
लाइब्रेरियन भर्ती और युवा आयोग गठन की भी मांग
छात्र नेता ने TRE-4 के साथ-साथ लाइब्रेरियन सहित अन्य पदों पर बहाली निकालने और युवा आयोग के गठन की भी मांग की। उन्होंने कहा कि इससे युवाओं को रोजगार और अपनी समस्याएं रखने का मंच मिलेगा।
गरीब और बेरोजगार युवाओं को गुमराह न करें - दिलीप
दिलीप कुमार ने शिक्षा मंत्री पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि गरीब और बेरोजगार युवाओं को झूठे वादों से गुमराह किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अगर भर्ती तुरंत नहीं होनी है तो सरकार को साफ-साफ बता देना चाहिए, ताकि युवा अपनी आर्थिक स्थिति खराब कर तैयारी में न फंसें।
अब सिर्फ मुख्यमंत्री से उम्मीद
छात्र नेता ने साफ कहा कि अब उन्हें शिक्षा मंत्री की बातों पर भरोसा नहीं है और TRE-4 को लेकर अंतिम फैसला मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को ही करना होगा। उन्होंने मुख्यमंत्री से रिक्त पदों के अनुसार जल्द से जल्द BPSC TRE-4 का विज्ञापन जारी करने की मांग की।
