Bihar Elections 2025: मोकामा से JDU के टिकट पर अनंत सिंह ने भरा पर्चा, खुली जीप में किया रोड शो

अनंत सिंह ने मोकामा से किया नामांकन।
Bihar Elections 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के मद्देनजर मोकामा से पूर्व विधायक अनंत सिंह ने मंगलवार (14 अक्टूबर) को अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन से पहले उन्होंने खुली जीप में रोड शो किया, जिसमें उनके साथ हजारों गाड़ियों का काफिला शामिल था। अनंत सिंह ने अपने समर्थकों की सुविधा के लिए रैली में आए लोगों के खाने-पीने का भी विशेष प्रबंध किया।
JDU के टिकट पर नामांकन
अपने समर्थकों में “छोटे सरकार” के नाम से प्रसिद्ध अनंत सिंह ने जनता दल यूनाइटेड (JDU) के टिकट पर नामांकन किया। इससे पहले 2020 में उन्होंने इस सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में जीत हासिल की थी। हालांकि, 2022 में AK-47 केस में सजा मिलने के कारण उनकी विधायकी चली गई थी।
इसके बाद हुए उपचुनाव में उनकी पत्नी नीलम देवी ने राजद के टिकट पर जीत दर्ज की। 2024 में जब नीतीश कुमार NDA में आए, तो अनंत सिंह का परिवार भी NDA में शामिल हो गया। अब अनंत सिंह एक बार फिर से JDU के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं।
मोकामा में पहले चरण में होगा मतदान
चुनाव आयोग द्वारा जारी नोटिफिकेशन के अनुसार, मोकामा में पहले चरण का मतदान 6 नवंबर 2025 को होगा। नामांकन की आखिरी तारीख 17 अक्टूबर 2025 है। जबकि नामांकन पत्रों की जांच की आखिरी तारीख 18 अक्टूबर 2025 है। वहीं, नतीजे 14 नवंबर को आएंगे।
इस चुनावी मुकाबले में अनंत सिंह के रोड शो और जनसमर्थन को देखकर राजनीतिक माहौल गरमाया हुआ है। बताया जा रहा है कि पूर्व सांसद सूरजभान सिंह भी मोकामा से ताल ठोक सकते हैं।
