बिहार चुनाव 2025: NDA ने सभी उम्मीदवार उतारे, महागठबंधन में सीट बंटवारे पर गतिरोध

बिहार विधानसभा चुनाव 2025: NDA ने उतारे सभी उम्मीदवार, महागठबंधन में सीट बंटवारे पर उलझन | लाइव अपडेटबिहार में विधानसभा चुनाव की हलचल जोरों पर है। एनडीए (NDA) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं और सभी 243 सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। बीजेपी ने सभी 101 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी है। पहली सूची में 71, दूसरी में 12 और तीसरी में 18 नाम शामिल हैं।
जेडीयू (JDU) ने भी अपने 101 प्रत्याशियों की सूची फाइनल कर दी है। इसके अलावा, लोजपा (रामविलास) ने 14, हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (HAM) ने 6 और राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) ने 4 उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है।
NDA की लिस्ट में खास बातें
एनडीए की पूरी लिस्ट में सिर्फ 4 मुस्लिम उम्मीदवार हैं, जो सभी जेडीयू की ओर से हैं। बीजेपी ने अपने 101 उम्मीदवारों में एक भी मुस्लिम को टिकट नहीं दिया। लिस्ट में 49 सवर्ण उम्मीदवार शामिल हैं। मशहूर गायिका मैथिली ठाकुर को अलीनगर सीट से टिकट मिला है।
महागठबंधन में सीट बंटवारे पर असमंजस
दूसरी ओर, महागठबंधन में सीट शेयरिंग को लेकर अब तक सहमति नहीं बन पाई है। राजद और कांग्रेस अपने-अपने उम्मीदवारों को चिह्न बांट रहे हैं, लेकिन अभी तक किसी भी दल ने अपनी आधिकारिक लिस्ट जारी नहीं की है। गुरुवार को राहुल गांधी और खरगे ने लालू प्रसाद यादव से बात की है।
बता दें कि पहले चरण के लिए नामांकन की आखिरी तारीख 17 अक्टूबर है, फिर भी महागठबंधन की ओर से कोई स्पष्ट घोषणा नहीं हुई। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा, "सीट बंटवारे का काम सुचारू रूप से चल रहा है। चिह्न बांटे जा रहे हैं और कई उम्मीदवार नामांकन भी दाखिल कर रहे हैं। जल्द ही पूरी स्थिति साफ हो जाएगी।"
चुनाव की तारीखें
- बिहार में दो चरणों में वोटिंग होगी- 7 नवंबर और 11 नवंबर।
- नतीजे 14 नवंबर को घोषित होंगे।
क्या हो रहा है बिहार चुनाव में?
बिहार चुनाव के तहत गुरुवार, 16 अक्टूबर को कहां क्या हुआ? इसकी हर ताजा जानकारी, अपडेट के लिए लाइव ब्लॉग के साथ जुड़े रहें।
Live Updates
- 16 Oct 2025 9:34 PM
बीजेपी के 40 दिग्गज स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी
बिहार चुनाव 2025 | Live Update: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की धमाकेदार तैयारी में भाजपा ने पहली फेज के लिए 40 दिग्गज स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी जैसे शीर्ष नेता इसमें शामिल हैं।

- 16 Oct 2025 5:05 PM
जदयू उम्मीदवार जमा खान का चैनपुर में जोरदार स्वागत, समर्थकों ने मालाओं से लादा
बिहार चुनाव 2025 | Live Update: चैनपुर में जदयू उम्मीदवार जमा खान का सैकड़ों समर्थकों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान उन्हें फूलों की मालाओं से लाद दिया गया। इस अवसर पर जमा खान ने कहा, "सबसे पहले, मैं एनडीए के सभी नेताओं का आभार व्यक्त करता हूं, जिन्होंने आप सभी के माध्यम से मुझ पर विश्वास जताया। उन्होंने मेरे कार्यों और कर्तव्य निर्वहन पर भरोसा दिखाया। जब मैं पहली बार चुनाव जीता था, तब मैंने अपने क्षेत्र के विकास के लिए एनडीए का साथ दिया था। एनडीए सरकार को भी विश्वास था कि मैं पूर्ण निष्ठा से कार्य करूंगा।"
- 16 Oct 2025 4:14 PM
सम्राट चौधरी ने तारापुर से भरा नामांकन, बिहार के विकास का लिया संकल्प
बिहार चुनाव 2025 | Live Update: गुरुवार को उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने तारापुर से नामांकन दाखिल किया। नामांकन से पहले वे मां तिलडीहा मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने पूजा-अर्चना कर बिहार की समृद्धि और कल्याण की कामना की। इसके बाद वे एक विशाल जुलूस के साथ तारापुर पहुंचे और नामांकन दाखिल किया। जुलूस में बड़ी संख्या में एनडीए कार्यकर्ता और समर्थक शामिल थे। इस अवसर पर चौधरी ने कहा कि उनका लक्ष्य तारापुर और पूरे बिहार को समृद्धि के शिखर पर ले जाना है। उन्होंने जोर देकर कहा कि एनडीए सरकार विकास, विश्वास और सुशासन के अगले अध्याय के लिए तैयार है।

- 16 Oct 2025 3:51 PM
कांग्रेस और राजद के बीच सीट बंटवारे पर चर्चा, गतिरोध दूर करने की कोशिश
बिहार चुनाव 2025 | Live Update: मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे ने गुरुवार को राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव से सीधे बातचीत की ताकि सीट बंटवारे को लेकर गतिरोध को सुलझाया जा सके। दोनों दल इस महत्वपूर्ण चुनाव के लिए समझौते को अंतिम रूप देने की दिशा में काम कर रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, मुख्य विवाद कांग्रेस को दी जाने वाली सीटों की संख्या और कुछ पारंपरिक गढ़ वाली सीटों पर सहमति न बन पाने को लेकर है।
- 16 Oct 2025 3:44 PM
योगी आदित्यनाथ की दानापुर रैली में बिहार के विकास पर जोर
बिहार चुनाव 2025 | Live Update: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दानापुर में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा, "1990 से 2005 तक बिहार में जंगलराज और परिवारवाद का दौर कौन नहीं जानता। उन लोगों ने बिहार की आध्यात्मिक और ज्ञान की भूमि को परिवारवाद व अपराध का गढ़ बनाकर हमारे युवाओं के सामने पहचान का संकट पैदा कर दिया था। विकास के नाम पर फैली अराजकता किसी से छिपी नहीं है। बीते 20 वर्षों में NDA सरकार ने बिहार को उस कलंक से मुक्त करने का प्रभावी कार्य किया है। अब डबल इंजन की सरकार बिहार को और तेजी से प्रगति के पथ पर ले जाने के लिए पुनः आपके बीच आह्वान करने आई है।"
- 16 Oct 2025 3:36 PM
तेज प्रताप यादव बोले- महुआ की जनता हमें बुला रही है
बिहार चुनाव 2025 | Live Update: पटना: जनशक्ति जनता दल के संस्थापक और बिहार के पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव ने कहा, "हमारे माता-पिता और दादी हमारे साथ हैं। हमारी दादी सर्वोच्च और हमारी गुरु हैं। महुआ की जनता हमें बुला रही है और हम वहां जा रहे हैं। जब हमारे गुरु, माता-पिता और दादी का आशीर्वाद है, तो कोई चुनौती हमें रोक नहीं सकती।"
- 16 Oct 2025 3:33 PM
CM मोहन यादव पहुंचे पटना
बिहार चुनाव 2025 | Live Update: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा, "मैं आज भोपाल से बिहार भाजपा प्रत्याशी संजय गुप्ता और विक्रम सिंह के नामांकन के लिए आया हूं। प्रधानमंत्री मोदी के आशीर्वाद से बिहार ने विकास की नई ऊंचाइयां छुई हैं और देश की दशा-दिशा बदली है। मुझे विश्वास है कि बिहार की जनता भी नए संकल्प के साथ विजय की ओर बढ़ेगी।"
- 16 Oct 2025 3:30 PM
छातापुर से नीरज बबलू ने भरा नामांकन
बिहार चुनाव 2025 | Live Update: छातापुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी नीरज बबलू ने अपना नामांकन दाखिल किया।
- 16 Oct 2025 3:15 PM
बांकीपुर से नितिन नवीन ने भरा नामांकन
बिहार चुनाव 2025 | Live Update: बांकीपुर से भाजपा उम्मीदवार नितिन नवीन ने नामांकन दाखिल किया। उनकी नामांकन रैली में भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद भी शामिल हुए।
