BJP प्रत्याशी विजय कुमार सिन्हा की बायोग्राफी: एक क्लिक में जानिए उम्र, शिक्षा, परिवार, संपत्ति और राजनीतिक सफर

BJP प्रत्याशी और बिहार के डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा की बायोग्राफी।
BJP Candidate Vijay Kumar Sinha Biography: बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान 6 नवंबर को होने वाला है। ऐसे में सभी राजनीतिक पार्टियां चुनावी रैलियों में जुटे हुए हैं। इस बार विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के कई मंत्रियों की साख दाव पर लगी है। इनमें से ही एक हैं बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा।
बिहार की लखीसराय विधानसभा हॉट सीट बनी हुई है, जहां पर एनडीए और महागठबंधन में कांटे की टक्कर है। यहां पर बिहार के डिप्टी सीएम विजय सिन्हा चौथी बार चुनावी मैदान में हैं। वह इस सीट पर लगातार 3 बार चुनाव जीत चुके हैं। पढ़िए विजय सिन्हा की बायोग्राफी...
डिप्टी सीएम विजय सिन्हा की बायोग्राफी
विजय कुमार सिन्हा की उम्र 58 साल है। वह बीजेपी के काफी बड़े नेता और वर्तमान में बिहार के डिप्टी सीएम हैं। विजय सिन्हा का जन्म 5 मई, 1967 को हुआ था। उनके पिता का नाम शारदा रमन सिंह और माता का नाम सुरमा देवी है। विजय सिन्हा ने बेगूसराय के राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज से सिविल इंजीनियरिंग डिप्लोमा किया है। अपने छात्र जीवन से ही अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) में शामिल हो गए थे। साल 1986 में विजय कुमार सिन्हा की शादी सुशीला देवी से हुई थी। उनके दो बेटे और दो बेटियां हैं।
विजय सिन्हा का सियासी सफर
- छात्र जीवन से ही एबीवीपी और आरएसएस से जुड़े।
- 2002-06 तक BJP युवा मोर्चा राज्य सचिव, किसान मोर्चा महासचिव रहे।
- फरवरी, 2005 के विधानसभा चुनाव में लखीसराय विधानसभा सीट से विधायक चुने गए।
- 2005-2010, 2010-2015, 2015-2020, 2020-वर्तमान तक बिहार विधान सभा के लखीसराय निर्वाचन क्षेत्र के सदस्य हैं।
- 29 जुलाई 2017 से 16 नवंबर 2020 तक विजय सिन्हा ने बिहार सरकार में श्रम संसाधन मंत्री के रूप में काम किया।
- बिहार विधानसभा के अध्यक्ष (25 नवंबर 2020 – 24 अगस्त 2022)।
- विजय सिन्हा के खिलाफ महागठबंधन द्वारा लाए गए अविश्वास प्रस्ताव के बाद विधानसभा स्पीकर के पद से इस्तीफा दे दिया था।
- वर्तमान में विजय सिन्हा बिहार के उपमुख्यमंत्री के पद पर कार्यरत हैं।
- 2025 में एक बार फिर विजय कुमार सिन्हा लखीसराय विधानसभा सीट से बीजेपी के प्रत्याशी हैं। वह लगातार 5वीं बार इस सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।
विजय कुमार सिन्हा की संपत्ति
बिहार के डिप्टी सीएम विजय सिन्हा के पास कुल लगभग 11.62 करोड़ रुपये की संपत्ति है। अक्टूबर, 2025 के चुनावी हलफनामे के अनुसार, उनके पास लगभग 3.83 करोड़ रुपये की चल संपत्ति है। इसके अलावा लगभग 7.80 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है। उनके ऊपर करीब 82.34 लाख रुपये की देनदारी भी है। इससे पहले साल 2020 में दिए गए चुनावी हलफनामे में उनकी कुल संपत्ति 8.94 करोड़ रुपये थी।
5वीं बार बीजेपी के उम्मीदवार
लखीसराय विधानसभा क्षेत्र में अभी तक सबसे ज्यादा 5 बार बीजेपी के प्रत्याशी ने जीत हासिल की है। इसके अलावा 2 बार जनता दल, 2 बार जनता पार्टी, एक बार कांग्रेस और एक बार राजद के प्रत्याशी को जीत मिली है। इस बार विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने विजय कुमार सिन्हा को लखीसराय विधानसभा सीट से प्रत्याशी बनाया है। साल 2005 में पहली बार जीत हासिल की थी। हालांकि अक्टूबर, 2005 में हुए चुनाव में विजय सिन्हा को आरजेडी के फुलैना सिंह से 80 मतों के अंतर से हराया था।
इसके बाद फिर 2010 में विजय सिन्हा ने जीत हासिल करके वापसी की। तब से लेकर अभी तक उन्होंने इस सीट पर अपना कब्जा जमाया हुआ है। इस साल वह 5वीं बार चुनाव जीतने के लिए मैदान में उतरे हैं। उनके खिलाफ कांग्रेस ने अमरेश कुमार अनीश को प्रत्याशी बनाया है। वहीं, जनसुराज पार्टी की ओर से सूरज कुमार को चुनावी मैदान में उतारा गया है। ऐसे में इस सीट पर जीत हासिल करना विजय सिन्हा के लिए एक बड़ी चुनौती साबित हो सकती है।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।
