कोर्ट से मिली राहत: अनंत सिंह कल लेंगे विधायक पद की शपथ, विधानसभा जाने की मिली अनुमति

anant-singh-oath-assembly-court-permission-mokama-mla
X

अनंत सिंह मंगलवार, 3 जनवरी को विधायक पद की शपथ लेंगे। (फाइल फोटो)

मोकामा से नवनिर्वाचित विधायक अनंत सिंह को कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। पटना सिविल कोर्ट ने उन्हें विधानसभा जाकर शपथ लेने की अनुमति दी है। जानिए पूरा मामला।

Anant Singh News: बिहार के चर्चित नेता और मोकामा से नवनिर्वाचित विधायक अनंत सिंह को बड़ी कानूनी राहत मिली है। पटना सिविल कोर्ट ने उन्हें विधायक पद की शपथ लेने के लिए विधानसभा जाने की अनुमति दे दी है। अब वह मंगलवार को सदन में शपथ लेंगे।

कड़ी सुरक्षा में विधानसभा लाए जाएंगे अनंत सिंह

सूत्रों के मुताबिक, अनंत सिंह को विशेष सुरक्षा व्यवस्था के बीच बेऊर जेल से विधानसभा लाया जाएगा। शपथ ग्रहण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें दोबारा जेल भेज दिया जाएगा। कोर्ट ने यह अनुमति केवल शपथ लेने तक के लिए दी है।

जमानत नहीं, सिर्फ शपथ की इजाजत

गौरतलब है कि अनंत सिंह को दुलारचंद यादव हत्याकांड में अभी जमानत नहीं मिली है। अदालत ने स्पष्ट किया है कि उन्हें सिर्फ विधायक पद की शपथ लेने के लिए अस्थायी अनुमति दी गई है, न कि रिहाई।

शपथ नहीं लेने से खतरे में थी विधायकी

विधानसभा नियमों के अनुसार, चुनाव जीतने के बाद तय समयसीमा के भीतर शपथ नहीं लेने पर सदस्यता पर संकट आ सकता है। लंबे समय से जेल में बंद होने के कारण अनंत सिंह की विधायकी पर भी सवाल खड़े होने लगे थे।

जेल में रहते हुए दर्ज की थी बड़ी जीत

नवंबर 2025 में हुए बिहार विधानसभा चुनाव में अनंत सिंह ने मोकामा सीट से जनता दल यूनाइटेड (JDU) के टिकट पर जीत हासिल की थी। उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल की उम्मीदवार वीणा देवी को करीब 28 हजार वोटों के अंतर से हराया था। खास बात यह रही कि मतदान और नतीजों के दौरान वह जेल में ही बंद थे।

चुनावी माहौल में हुई थी दुलारचंद यादव की हत्या

अक्टूबर 2025 में मोकामा विधानसभा क्षेत्र में चुनावी प्रचार के दौरान हिंसा भड़क उठी थी। जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी के समर्थन में प्रचार कर रहे बाहुबली दुलारचंद यादव की हत्या कर दी गई थी। आरोप है कि झड़प के दौरान उन्हें गोली मारी गई और वाहन से कुचल दिया गया।

जेल में बंद हैं अनंत सिंह

इस हत्याकांड के बाद पटना पुलिस ने अनंत सिंह सहित कई आरोपियों को गिरफ्तार किया था। कोर्ट ने सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। फिलहाल मामला अदालत में विचाराधीन है और अनंत सिंह अभी भी जेल में बंद हैं।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story