7 लोक कल्याण मार्ग: नीरज चोपड़ा पत्नी हिमानी संग PM मोदी से मिले, खेल और उपलब्धियों पर हुई खास बातचीत

PM Narendra Modi meets neeraj chopra and his wife himani mor
X

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने आधिकारिक आवास पर ओलंपियन नीरज चोपड़ा और उनकी पत्नी हिमानी मोर से मुलाकात की। 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 7 लोक कल्याण मार्ग पर ओलंपिक चैंपियन नीरज चोपड़ा और उनकी पत्नी हिमानी मोर से मुलाकात की। इस दौरान खेल और 90 मीटर थ्रो पर हुई चर्चा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 23 दिसंबर 2025 को अपने आवास 7 लोक कल्याण मार्ग पर स्टार जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा और उनकी पत्नी हिमानी मोर से मुलाकात की। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, “आज सुबह नीरज चोपड़ा और उनकी पत्नी हिमानी मोर से मुलाकात हुई। खेल सहित विभिन्न मुद्दों पर हमारी अच्छी बातचीत हुई।”

नीरज चोपड़ा ने भारतीय एथलेटिक्स में इतिहास रचा है। उन्होंने 2020 टोक्यो ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीतकर ट्रैक एंड फील्ड में भारत का पहला ओलंपिक स्वर्ण दिलाया। इसके बाद 2023 विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में गोल्ड और 2024 पेरिस ओलंपिक में सिल्वर मेडल हासिल कर अपनी उत्कृष्टता साबित की। उनकी उपलब्धियों के सम्मान में इस वर्ष उन्हें प्रादेशिक सेना में मानद लेफ्टिनेंट कर्नल की उपाधि दी गई।

नीरज मई 2016 से भारतीय सेना की 4 राजपूताना राइफल्स में नायब सूबेदार के रूप में सेवा दे रहे हैं। नीरज को पहले पद्म श्री, मेजर ध्यानचंद खेल रत्न, अर्जुन अवॉर्ड, परम विशिष्ट सेवा मेडल और विशिष्ट सेवा मेडल जैसे सम्मान मिल चुके हैं।

2025 सीजन नीरज के लिए यादगार रहा। उन्होंने पेरिस डायमंड लीग, नीरज चोपड़ा क्लासिक (बेंगलुरु) सहित चार प्रतियोगिताएं जीतीं। मई में दोहा डायमंड लीग में उन्होंने 90.23 मीटर थ्रो कर इतिहास रचा, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 90 मीटर पार करने वाले पहले भारतीय बने। इस उपलब्धि पर पीएम मोदी ने उन्हें बधाई दी और इसे देश के लिए गर्व का क्षण बताया।

नीरज ने 16 जनवरी 2025 को हिमानी मोर से निजी समारोह में शादी की। हिमानी हरियाणा के सोनीपत की रहने वाली पूर्व टेनिस खिलाड़ी हैं। शादी में केवल करीबी परिवार और रिश्तेदार मौजूद थे। नीरज ने बाद में सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी साझा की। यह मुलाकात दंपति की शादी के बाद पीएम मोदी से पहली औपचारिक भेंट थी, जो भारतीय खेल जगत के लिए प्रेरणादायक है।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story