मेसी ने शेयर किया भारत टूर वीडियो: न नेता दिखे, न अभिनेता; सिर्फ खेल-खिलाड़ियों की दिखी झलक

भारत दौरे के बाद मेसी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर GOAT इंडिया टूर 2025 से जुड़ा एक वीडियो शेयर किया है।
Lionel Messi India Tour Video: दुनिया के महान फुटबॉलरों में शुमार लियोनल मेसी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर भारत दौरे से जुड़ा एक खास वीडियो साझा किया है। यह वीडियो सामने आते ही खेल प्रेमियों के बीच चर्चा का विषय बन गया है। इस वीडियो की सबसे खास बात यह रही कि इसमें किसी भी राजनीतिक नेता या फिल्मी सितारे की मौजूदगी नजर नहीं आई। मेसी के इस वीडियो में फोकस पूरी तरह खेल, खिलाड़ियों और खेल संस्कृति पर ही रखा गया है। यही वजह है कि इसे खेल भावना से जुड़ा संदेश माना जा रहा है।
खेल और खिलाड़ियों को दी प्राथमिकता
वीडियो में मेसी ने भारत में खेल के प्रति जुनून, युवाओं की ऊर्जा और खिलाड़ियों की मेहनत को प्रमुखता दी है। फुटबॉल मैदान से लेकर अभ्यास सत्र और खेल से जुड़े पलों को वीडियो में शामिल किया गया है, जो यह दर्शाता है कि मेसी के लिए यह दौरा पूरी तरह स्पोर्ट्स-सेंट्रिक रहा।
वीडियो में मेसी की मुलाकात क्रिकेट के दिग्गज सचिन तेंदुलकर और अभिनेत्री करीना कपूर के साथ जरूर दिखाई गई है। इन दोनों की मौजूदगी को खेल और सांस्कृतिक जुड़ाव के तौर पर देखा जा रहा है।
बड़े-बड़े दिग्गजों को मेसी के वीडियो में नहीं मिला स्थान
मेसी के आधिकारिक इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए वीडियो में शाहरुख खान, अजय देवगन, टाइगर श्रॉफ जैसे बॉलीवुड सितारों के साथ-साथ राहुल गांधी, तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता जैसे नेताओं को भी जगह नहीं दी गई है।
मेसी ने भारत के लोगों का किया धन्यवाद
वीडियो के साथ मेसी ने कैप्शन में भारत के लोगों का धन्यवाद किया है। उन्होंने लिखा कि उन्हें यहां जो प्यार और अपनापन मिला, वह खास रहा। साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई कि भारत में फुटबॉल का भविष्य उज्ज्वल है।
वीडियो पर भारतीय फैंस का अलग-अलग राय
सोशल मीडिया पर इस वीडियो को लेकर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ फैंस का मानना है कि मेसी ने जानबूझकर वीडियो को खेल और खिलाड़ियों तक सीमित रखा, जबकि कुछ यूजर्स का कहना है कि जिन हस्तियों से उनकी मुलाकात की चर्चा रही, उन्हें भी वीडियो में जगह मिलनी चाहिए थी।
सेलेब्रिटी गैरमौजूदगी की बहस के बावजूद, मेसी का यह वीडियो भारत में फुटबॉल को लेकर बढ़ते क्रेज और उनके फैंस के जुड़ाव को दर्शाता है और लगातार चर्चा में बना हुआ है।
कोलकाता से शुरू हुआ था दौरा
मेसी ने 13 दिसंबर को कोलकाता से अपने भारत दौरे की शुरुआत की थी। इसके बाद वह हैदराबाद, मुंबई और दिल्ली पहुंचे। हर शहर में फैंस ने उनका जोरदार स्वागत किया और फुटबॉल प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
