Logo
election banner
Vamshhi Krrishna: सीएके नायडू ट्रॉफी में आंध्र प्रदेश के सलामी बल्लेबाज वामशी कृष्णा ने इतिहास रच दिया। उन्होंने रेलवे के खिलाफ स्पिनर दमदनदीप सिंह के 1 ओवर में 6 छक्के ठोक दिए।

Vamshhi Krrishna: सीएके नायडू ट्रॉफी में आंध्र प्रदेश के सलामी बल्लेबाज वामशी कृष्णा ने इतिहास रच दिया। उन्होंने रेलवे के खिलाफ मुकाबले में स्पिनर दमनदीप सिंह के 1 ओवर में 6 छक्के ठोक दिए। वह युवराज सिंह, ऋतुराज गायकवाड़ और रवि शास्त्री के बाद यह कारनाम करने वाले चौथे भारतीय बने हैं। ऐसे में हर क्रिकेट प्रेमी के मन में एक ही सवाल उठ रहा है कि आखिर यह तूफानी बल्लेबाज कौन है। तो आइए आपको वामशी के बारे में बताते हैं। 

आंध्र प्रदेश के लिए खेलते घरेलू क्रिकेट
वामशी आंध्र प्रदेश के लिए घरेलू क्रिकेट खेलते हैं। उनका जन्म 25 दिसंबर, 1991 को आंध्र प्रदेश के चिमाकुर्थी में हुआ था। वामशी ने बचपन से ही क्रिकेट खेलना शुरू कर दिया था। उन्होंने साल 2012 में अपना फर्स्ट क्लास डेब्यू किया। इस प्रारूप में वामशी अब तक 11 मुकाबले खेल चुके हैं। इस दौरान उन्होंने 15 पारियों में 267 रन बनाए हैं। इसके अलावा लिस्ट A के 4 मुकाबलों में उनके नाम 17 रन हैं। 

54 गेंदों में जड़ दिया शतक
मुकाबले की बात करें तो वामशी ने ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी की और 64 गेंदों पर 110 रन बनाए। उन्होंने 54 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया। इस मुकाबले में आंध्र प्रदेश ने पहली पारी में 378 रन बनाए थे। इसके जवाब में रेलवे ने 9 विकेट के नुकसान पर 865 रन बनाए थे। ये मुकाबला ड्रॉ रहा। वामशी कृष्णा की इस आतिशी पारी के बाद कयास लगाए जाने लगे है कि क्या वह IPL 2024 में खेलते हुए नजर आ सकते हैं। अब तक इस बारे में कोई ऑफिशियल ऐलान नहीं हुआ है, लेकिन सूत्रों की मानें, तो कई आईपीएल फ्रेंचाइजी इस तूफानी बल्लेबाज को लपकने के लिए तैयार बैठी हैं। 

युवराज सिंह के क्लब में शामिल
1 ओवर में 6 छक्के लगाने वाले भारतीय बल्लेबाजों की बात करें तो इस लिस्ट में पहले नंबर पर रवि शास्त्री हैं। शास्त्री ने 1985-86 में रणजी ट्रॉफी सीजन में बड़ौदा के विरुद्ध मुंबई की ओर से खेलते हुए लगातार 6 छक्के जड़े थे। लिस्ट में दूसरे नंबर पर युवराज सिंह हैं, जिन्होंने टी20 विश्वकप 2007 में इंग्लैंड के खिलाफ 6 गेंद पर 6 छक्के ठोक दिए थे। यह ओवर स्टुअर्ट ब्रॉड ने किया था। इसके बाद साल 2022 में महाराष्ट्र के बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड़ ने विजय हजारे ट्रॉफी में उत्तर प्रदेश के खिलाफ 1 ओवर में 7 छक्के लगाए थे। शिवा सिंह के इस ओवर में ऋतुराज ने कुल 43 रन बनाए थे। 

ये भी पढ़ें: WPL 2024: शुक्रवार से बेंगलुरु में होगा आगाज, ओपनिंग सेरेमनी में शाहरुख-शाहिद समेत कई सितारे आएंगे नजर; जानिए लीग से जुड़ी A To Z जानकारी

5379487