नई दिल्ली। महेंद्र सिंह धोनी की बल्लेबाजी का हर कोई दीवाना है। जब वो रंग में होते हैं तो उनके छक्कों के आगे बाउंड्री छोटी पड़ जाती है और उनके हेलिकॉप्टर शॉट का तो शायद ही कोई क्रिकेट फैन ऐसा हो, जो दीवाना ना हो। लेकिन, अब धोनी को टक्कर मिलने जा रही। क्योंकि छोटा धोनी आ गया है, जो माही के अंदाज में ही हेलिकॉप्टर शॉट मारता है। अब आप सोच में पड़ गए होंगे कि ये छोटा धोनी कौन है और कहां से आया है तो आइए आपको बताते हैं। 

ये छोटा धोनी कोई और नहीं, अफगानिस्तान के धाकड़ ऑलराउंडर मोहम्मद नबी का बेटा है, जो पिता के साथ भारत आया है। नबी फिलहाल, आईपीएल 2024 में मुंबई इंडियंस की तरफ से खेल रहे हैं। उनके बेटे का बैटिंग का एक वीडियो मुंबई इंडियंस ने अपने एक्स प्लेटफॉर्म पर शेयर किया है, जिसमें मोहम्मद नबी की गेंद पर बेटा धोनी की तरह हेलिकॉप्टर शॉट लगाता नजर आ रहा है। फैंस को ये वीडियो काफी पसंद आ रहा है। 

बता दें कि मोहम्मद नबी अफगानिस्तान के धाकड़ ऑलराउंडर हैं। वो आईपीएल में 6 सीजन खेल चुके हैं। उन्होंने 19 मैच में 13 विकेट लिए हैं और लीग में 180 रन बनाए हैं। आईपीएल 2024 में उन्हें मुंबई इंडियंस की तरफ से एक ही मैच खेलने का मौका मिला है। इसमें उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 2 ओवर गेंदबाजी की थी और 17 रन दिए थे।

39 साल के नबी के अगर इंटरनेशनल करियर की बात करें तो उन्होंने अफगानिस्तान की तरफ से 3 टेस्ट, 161 वनडे और 121 टी20 खेले हैं। इसमें उन्होंने साढ़े 5 हजार से अधिक रन बनाए हैं। वो 2 शतक और 22 अर्धशतक भी लगा चुके हैं। वो अच्छे ऑफ स्पिनपर भी हैं और उन्होंने टेस्ट में 8, वनडे में 169 और टी20 में 93 विकेट लिए हैं।