Logo
election banner
IND vs ENG, 2nd Test Day 1: भारत और इंग्लैंड के बीच विशाखापत्तनम में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट के पहले दिन का खेल समाप्त हो चुका है। भारत ने पहली पारी में 6 विकेट खोकर 336 रन बना लिए हैं।

IND vs ENG, 2nd Test Day 1: भारत और इंग्लैंड के बीच विशाखापत्तनम के वाईएस राजशेखर रेड्डी एसीए-वीडीसीए क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट के पहले दिन का खेल समाप्त हो चुका है। भारत ने पहले दिन पहली पारी में 6 विकेट खोकर 336 रन बना लिए हैं। यशस्वी जायसवाल 179 और रविचंद्रन अश्विन 5 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। इससे पहले भारतीय कप्तानी रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया था। आइए मैच के हाइलाइट्स और टॉप मोमेंट्स के बारे में जानते हैं।

जायसवाल ने चौके से पूरी की फिफ्टी
यशस्वी जायसवाल 86 गेंदों पर 41 रन बनाकर खेल रहे थे। इसके बाद उन्होंने बेखौफ अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 88वीं गेंद पर छक्का और 89वीं गेंद पर चौका जड़ अपना अर्धशतक पूरा किया। शोएब बशीर की लेंथ गेंद को उन्होंने चौके पर पहुंचाया। 

छक्के से किया शतक पूरा
जायसवाल यहीं नहीं रुके। उन्होंने 49वें ओवर की तीसरी गेंद पर छक्का जड़कर अपने टेस्ट करियर का दूसरा शतक लगाया। इससे पहले उन्होंने वेस्टइंडीज दौरे पर शतक लगाया था। इस दौरान यशस्वी ने 387 गेंदों पर 171 रन बनाए थे। ऐसे में वह 23 की उम्र से पहले भारतीय और विदेशी जमीं पर टेस्ट शतक लगाने वाले चौथे भारतीय बल्लेबाजी बन गए हैं। उनके पहले रवि शास्त्री, सचिन तेंदुलकर और विनोद कांबली ने भी यह कारनामा किया है। 

यशस्वी को मिला जीवनदान
यशस्वी जब 73 के स्कोर पर बल्लेबाजी कर रहे थे तो उन्हें एक जीवन दान मिला। टॉम हार्टले की गेंद पर उन्होंने चौका लगाया। यह गेंद स्लिप पर तैनात इंग्लिश कप्तान बेन स्टोक्स की उंगलियों को छूती हुई सीमा रेखा के बाहर चली गई। यह थोड़ा कठिन कैच था। अगर स्टोक्स इसे लपकते तो भारतीय टीम के लिए बड़ा स्कोर बना पाना थोड़ा मुश्किल होता।

यशस्वी ने बनाए कई रिकॉर्ड
मैच के पहले दिन यशस्वी जायसवाल ने 179 रन बनाए। इसके साथ ही वह भारत और इंग्लैंड के बीच टेस्ट में एक दिन में संयुक्त रूप से दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। इस सूची में शीर्ष पर करुण नायर हैं, जिन्होंने 2016 में चेन्नई में 232 रन बनाए थे। साथ ही दूसरे पायदान पर यशस्वी के अलावा दिग्गज खिलाड़ी सुनील गावस्कर हैं। गावस्कर ने 1979 में ओवल के मैदान पर 179 रन की पारी खेली थी। इसके अलावा जायसवाल टेस्ट क्रिकेट में एक दिन में तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बाएं हाथ के भारतीय बल्लेबाज भी बन गए हैं। लिस्ट में पहले 2 पायदान पर शिखर धवन (190, 185) हैं। 

दोनों टीम से 1-1 खिलाड़ी ने किया टेस्ट डेब्यू
भारत और इंग्लैंड के बीच दूसरे टेस्ट में दोनों ही टीमों से 1-1 खिलाड़ी ने टेस्ट डेब्यू किया। भारत की ओर से रजत पाटीदार तो इंग्लिश टीम की ओर से शोएब बशीर को डेब्यू कैप पहनाई गई। प्रदर्शन की बात करें तो पाटीदार ने 72 गेंदों पर 32 रन बनाए। दूसरी ओर बशीर ने 28 ओवर में 3.60 की इकॉनमी से 100 रन देकर 2 विकेट चटकाए।

पहले दिन के हाइलाइट्स
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत औसत रही। 40 के स्कोर पर भारत को पहला झटका लगा। कप्तान रोहित शर्मा एक बार फिर बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे और उन्होंने 41 गेंदों पर 14 रन बनाए। इस दौरान वह एक भी बाउंड्री नहीं लगा सके। दूसरे विकेट के लिए यशस्वी जायसवाल ने शुभमन गिल के साथ मिलकर 49 रन जोड़े। 29वें ओवर में 41 साल के जेम्स एंडरसन ने गिल का विकेट चटकाया। गिल कुछ खास नहीं कर सके और 46 गेंदों पर 34 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। 

डेब्यू टेस्ट में पाटीदार ने बनाए 32 रन
गिल के आउट होने के बाद श्रेयस अय्यर ने जायसवाल के साथ साझेदारी का प्रयास किया। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 90 रन जोड़े। 179 के स्कोर पर टॉम हार्टले ने अय्यर को अपना शिकार बनाया। अय्यर 59 गेंदों पर 3 चौकों की मदद से 27 रन बनाए। इसके बाद अपना डेब्यू टेस्ट खेल रहे रजत पाटीदार ने भारतीय पारी को आगे बढ़ाया, लेकिन 249 के स्कोर पर वह अपना विकेट गंवा बैठे। रेहान अहमद ने उन्हे बोल्ड किया। पाटीदार ने 72 गेंदों पर 32 रन की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 3 चौके भी लगाए। 

बशीर और रेहान को मिलीं 2-2 सफलताएं
86वें ओवर की तीसरी गेंद पर भारतीय टीम का 5वां विकेट गिरा। ऑलराउंडर अक्षर पटेल ने 51 गेंदों का सामना किया और 27 रन बनाए। उनके और यशस्वी के बीच 5वें विकेट के लिए 52 रनों की साझेदारी हुई। भारत को श्रीकर भरत के रूप में छठा झटका लगा। रेहान अहमद ने उन्हें शोएब बशीर के हाथों कैच आउट कराया। भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ने 23 गेंदों पर 2 चौकों और 1 छक्के की मदद से 17 रन बनाए। उन्होंने यशस्वी जायसवाल के साथ मिलकर छठे विकेट के लिए 29 रनों की साझेदारी की। इंग्लैंड की ओर से डेब्यू करने वाले शोएब बशीर और रेहान अहमद ने 2-2, जबकि टॉम हार्टले और जेम्स एंडरसन ने 1-1 विकेट लिया। 

दोनों टीमें इस प्रकार हैं

  • भारत की प्लेइंग 11: यशस्वी जयसवाल, रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, रजत पाटीदार, श्रेयस अय्यर, श्रीकर भरत (विकेटकीपर), रविचंद्रन अश्विन, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, जसप्रित बुमरा, मुकेश कुमार।
  • इंग्लैंड की प्लेइंग 11: जैक क्रॉली, बेन डकेट, ओली पोप, जो रूट, जॉनी बेयरस्टो, बेन स्टोक्स (कप्तान), बेन फॉक्स (विकेटकीपर), रेहान अहमद, टॉम हार्टले, शोएब बशीर, जेम्स एंडरसन।
5379487