GT vs RCB IPL 2024 Highlights : आईपीएल 2024 के 45वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टक्कर गुजरात टाइटंस से हुई। 201 रन के टारगेट को आरसीबी ने बड़ी आसानी से 24 गेंद रहते महज 1 विकेट खोकर हासिल कर लिया। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की तरफ से विल जैक्स ने तूफानी शतक ठोका। उन्होंने महज 41 गेंद में नाबाद 100 रन ठोके। जैक्स ने अपनी इस पारी में 10 छक्के और पांच चौके मारे। उनके अलावा विराट कोहली ने भी 44 गेंद में 6 चौकों और तीन छक्के की मदद से नाबाद 70 रन बनाए। ये 10 मैच में आरसीबी की तीसरी जीत है। इससे पहले, फाफ डुप्लेसी ने भी 12 गेंद में 200 के स्ट्राइक रेट से 24 रन ठोके थे। उनका विकेट साईं किशोर ने लिया था।

विल जैक्स ने आरसीबी की पारी के 16वें ओवर में राशिद खान की जमकर धुनाई की। इस ओवर में जैक्स ने 4 छक्के और 1 चौका मारा। इस ओवर की 6 गेंदों पर जैक्स ने 29 रन बटोरे और इसी ओवर में छक्के से मैच खत्म करने के साथ शतक भी पूरा किया।

इस जीत के बाद आरसीबी की प्लेऑफ की उम्मीदें जिंदा हैं। आरसीबी के कप्तान फाफ डुप्लेसी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी थी। गुजरात ने 20 ओवर में 200 रन बनाए थे। गुजरात की तरफ से साई सुदर्शन और शाहरुख खान ने बेहतरी पारियां खेली। साई ने 84 रन और शाहरुख ने 58 रन बनाए। गुजरात की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी।

पावरप्ले में गुजरात की टीम 1 विकेट पर 42 रन ही बना सकी और इसके अगले ही ओवर में शुभमन गिल भी 19 गेंद में 16 रन बनाकर आउट हो गए। उनका विकेट ग्लेन मैक्सवेल ने लिया था। हालांकि, साईं सुदर्शन और शाहरुख ने मोर्चा संभाला और तीसरे विकेट के लिए 45 गेंद में 86 रन जोड़े। इसके बाद डेविड मिलर और सुदर्शन के बीच चौथे विकेट के लिए 36 गेंद में नाबाद 69 रन की साझेदारी हुई। 

गुजरात ने अबतक खेले 9 में 4 मैच जीते और 5 गंवाए हैं। टीम अंक तालिका में 7वें स्थान पर है। वहीं, आरसीबी ने 9 में से 2 मैच जीते हैं और टीम पॉइंट्स टेबल में 10वें पायदान पर है। 

दोनों टीमों की प्लेइंग-11

गुजरात टाइटंस : शुभमन गिल (कप्तान), ऋद्धिमान साहा, साई सुदर्शन, अजमतुल्लाह उमरजई, डेविड मिलर, शाहरुख खान, राहुल तेवतिया, आर साई किशोर, राशिद खान, नूर अहमद, मोहित शर्मा। 

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: फाफ डुप्लेसी (कप्तान), विराट कोहली, विल जैक्स, रजत पाटीदार, ग्लेन मैक्सवेल, कैमरन ग्रीन, दिनेश कार्तिक, करण शर्मा, स्वप्निल सिंह, यश दयाल, मोहम्मद सिराज।