एशिया कप हॉकी 2025: भारत की ऐतिहासिक जीत, फाइनल में कोरिया को 4-1 से रौंदा; PM मोदी ने दी बधाई

asia cup hockey 2025 india champion
X

एशिया कप हॉकी 2025: भारत ने कोरिया को हराकर जीता खिताब, वर्ल्ड कप में एंट्री पक्की

भारत ने राजगीर में एशिया कप हॉकी 2025 का खिताब जीता। फाइनल में कोरिया को 4-1 से हराया और 2026 हॉकी वर्ल्ड कप में सीधा क्वालीफाई किया।

राजगीर, बिहार: भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए एशिया कप हॉकी 2025 का खिताब जीत लिया। फाइनल मुकाबले में भारत ने डिफेंडिंग चैंपियन दक्षिण कोरिया को 4-1 से हराकर इतिहास रच दिया। यह भारत का चौथा एशिया कप खिताब है। इससे पहले भारत ने 2003, 2007 और 2017 में यह ट्रॉफी जीती थी। इस जीत के साथ ही भारत ने 2026 एफआईएच हॉकी वर्ल्ड कप में सीधा प्रवेश भी हासिल कर लिया।

मैच का रोमांच

राजगीर हॉकी स्टेडियम में हजारों दर्शकों के बीच खेले गए फाइनल की शुरुआत भारत के लिए शानदार रही। पहले ही मिनट में सुक्खजीत सिंह ने गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद दिलप्रीत सिंह ने लगातार दो गोल कर भारत को मजबूत स्थिति में ला दिया। आखिरी क्वार्टर में अमित रोहिडास ने पेनल्टी कॉर्नर से गोल कर स्कोर 4-0 कर दिया। हालांकि कोरिया ने एक गोल जरूर किया, लेकिन जीत भारत की झोली में चली गई।


PM मोदी एशिया कप जीतने पर टीम को दी बधाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया, "हमारी पुरुष हॉकी टीम को बिहार के राजगीर में आयोजित एशिया कप 2025 में शानदार जीत के लिए बधाई! यह जीत इसलिए और खास है क्योंकि उन्होंने मौजूदा चैंपियन दक्षिण कोरिया को हराया! यह भारतीय हॉकी और भारतीय खेलों के लिए गर्व का क्षण है। हमारे खिलाड़ी और अधिक ऊंचाइयों को छूते रहें और राष्ट्र को और गौरव दिलाएं!"


टूर्नामेंट में भारत का दबदबा

  • भारत ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया।
  • पूल स्टेज में भारत ने चीन को 4-3, जापान को 3-2 और कजाकिस्तान को 15-0 से हराया।
  • सुपर-4 राउंड में कोरिया से 2-2 ड्रॉ, मलेशिया को 4-1 और चीन को 7-0 से हराया।
  • भारत ने कुल 6 मैचों में 5 जीते और सिर्फ 1 ड्रॉ खेला। इस दौरान भारतीय टीम ने 35 गोल दागे और केवल 8 गोल खाए।

जीत के बाद कोच क्रेग ने क्या कहा?

भारतीय पुरुष हॉकी टीम के कोच क्रेग फुल्टन ने जीत के बाद कहा, "मुझे अपने खिलाड़ियों पर बहुत गर्व है। हमने खेल पर बेहतर नियंत्रण रखा और धैर्य के साथ प्रदर्शन किया। हमने कई मौके बनाए, लेकिन चार गोल स्कोर किए, जो पिछले मैच की तुलना में काफी ज्यादा थे, जब हमने कोरिया के खिलाफ खेला था। कोरिया एक मजबूत टीम है। वे गहरी और रक्षात्मक रणनीति अपनाते हैं, जिसे तोड़ना मुश्किल है। लेकिन हमने अपने मौकों का फायदा उठाया और फाइनल में चार गोल काफी थे।"

सुक्खजीत सिंह के परिवार ने जीत का जश्न मनाया

जालंधर: भारतीय हॉकी खिलाड़ी सुक्खजीत सिंह का परिवार उस समय खुशी से झूम उठा, जब भारत ने हॉकी एशिया कप 2025 के फाइनल में गत चैंपियन दक्षिण कोरिया को 4-1 से हराकर 8 साल बाद खिताब जीता। राजगीर में खेले गए इस मुकाबले में सुक्खजीत सिंह ने पहला गोल दागकर भारत की जीत की नींव रखी।सुक्खजीत की मां कुलदीप कौर ने कहा, "मैं बहुत खुश हूं। सुक्खजीत ने गोल किया, हमें गर्व है। भगवान उसे आशीर्वाद दे। सभी खिलाड़ियों ने शानदार खेल दिखाया।" यह भारत का चौथा एशिया कप खिताब है, जिसने पूरे देश को गौरवान्वित किया।

फैंस का जबरदस्त समर्थन

राजगीर में खेले गए इस टूर्नामेंट ने बिहार को भी ऐतिहासिक पल दिए। मुफ्त प्रवेश के बावजूद स्टेडियम खचाखच भरा रहा और दर्शकों ने पूरे जोश के साथ भारतीय खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story