Yashasvi Jaiswal: यशस्वी जायसवाल के महीने भर में ही ठंडे पड़ गए तेवर, फिर मुंबई से खेलना चाहते, MCA ने फंसाया पेच!

Yashasvi Jaiswal: यशस्वी जायसवाल के महीने भर में ही ठंडे पड़ गए तेवर, फिर मुंबई से खेलना चाहते, MCA ने फंसाया पेच!
X
Yashasvi Jaiswal: यशस्वी जायसवाल ने मुंबई छोड़कर गोवा जाने का फैसला बदल दिया है। उन्होंने मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन को NOC वापस लेने की अपील की है। एमसीए ने इस पर कोई निर्णय नहीं लिया है।

Yashasvi Jaiswal noc decision u-turn: टीम इंडिया के उभरते सितारे यशस्वी जायसवाल ने घरेलू क्रिकेट में बड़ा फैसला लेते हुए मुंबई में ही बने रहने का ऐलान किया है। पहले खबर थी कि वो आगामी घरेलू सीज़न में गोवा की टीम से खेलेंगे और उन्हें कप्तानी भी सौंपी जाएगी। लेकिन अब 23 साल के बल्लेबाज़ ने मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) को ईमेल भेजकर अपने फैसले को बदल दिया है और NOC (No Objection Certificate) को वापस लेने की अपील की।

यशस्वी ने अपने ईमेल में लिखा, 'मेरे कुछ पारिवारिक प्लान थे, जिनकी वजह से मैं गोवा शिफ्ट होने वाला था लेकिन अब वे प्लान रद्द हो गए हैं। इसलिए मैं MCA से निवेदन करता हूं कि मुझे इस सीज़न में मुंबई के लिए खेलने की अनुमति दी जाए।' उन्होंने यह भी साफ किया कि यह NOC न तो BCCI को दी गई है और न ही गोवा क्रिकेट एसोसिएशन को।

मुंबई से शुरू हुई यशस्वी की क्रिकेट यात्रा

उत्तर प्रदेश के भदोही जिले के सुरियावां गांव से आने वाले यशस्वी ने 11 साल की उम्र में क्रिकेट खेलने का सपना लेकर मुंबई का रुख किया था। अपनी मेहनत और संघर्ष के बल पर उन्होंने विजय हजारे ट्रॉफी में दोहरा शतक जड़कर सुर्खियां बटोरीं और फिर IPL में राजस्थान रॉयल्स से करार किया।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी छाए यशस्वी

जायसवाल ने टेस्ट करियर की धमाकेदार शुरुआत की और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में एक शतक और दो अर्धशतक जमाए। अब तक खेले गए 19 टेस्ट मैचों में उन्होंने 52 की औसत से 1798 रन बनाए हैं, जिसमें 4 शतक और 10 अर्धशतक शामिल हैं।

MCA की प्रतिक्रिया का इंतज़ार

भले ही यशस्वी ने NOC वापस लेने की गुजारिश की है लेकिन अभी तक मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन ने इस पर कोई औपचारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है। माना जा रहा है कि जायसवाल की प्रतिभा और मुंबई के लिए उनका योगदान देखते हुए MCA उनकी अपील को मान लेगी। यशस्वी का यह फैसला उनके फैंस के लिए राहत की खबर है, जो उन्हें एक बार फिर से मुंबई की जर्सी में देखने को उत्सुक हैं।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story