Women's World cup: महिला वर्ल्ड कप शेड्यूल में बड़ा बदलाव, बेंगलुरु से छिनी मेजबानी; जानें अब कहां होंगे मैच?

महिला वर्ल्ड कप के मुकाबले अब बेंगलुरु में नहीं होंगे।
Women's World cup 2025: भारत में 30 सितंबर से खेले जाने वाले महिला वनडे वर्ल्ड कप मुकाबलों के वेन्यू में बड़ा बदलाव हुआ है। अब बेंगलुरु की जगह नवी मुंबई का डीवाय पाटिल स्टेडियम टूर्नामेंट का चौथा वेन्यू होगा। यानी जो मुकाबले बेंगलुरु में खेले जाने थे, वो अब नवी मुंबई में होंगे।
आईसीसी ने 8 टीमों के महिला विश्व कप का नया कार्य़क्रम जारी किया है, जिसमें ये बदलाव किया है। नए शेड्यूल के मुताबिक, अब गुवाहाटी भारत और श्रीलंका के बीच टूर्नामेंट के पहले मैच की मेजबानी करेगा।
BCCI ने शुक्रवार को सभी देशों को शेड्यूल में हुए बदलाव की जानकारी दे दी है। 8 टीमों के इस टूर्नामेंट की तारीख़ें वही रहेंगी (30 सितंबर से 2 नवंबर)। बीसीसीआई ने अपने एक्स अकाउंट पर नया कार्यक्रम जारी कर दिया है। इंदौर, वाइज़ैग और गुवाहाटी के अलावा नवी मुंबई को चौथा भारतीय स्थल बनाया गया है। पाकिस्तान से जुड़े सभी मुकाबले और पहले सेमीफाइनल की मेज़बानी श्रीलंका की राजधानी कोलंबो को मिली है।
नवी मुंबई के डीवाय पाटिल क्रिकेट स्टेडियम में दो ग्रुप मैच होंगे, जिनमें भारत (23 अक्टूबर को न्यूज़ीलैंड और 26 अक्टूबर को बांग्लादेश के खिलाफ), श्रीलंका-बांग्लादेश मुकाबला (जो मूल रूप से 20 अक्टूबर को कोलंबो में होना था), दूसरा सेमीफाइनल (30 अक्टूबर) और अगर पाकिस्तान क्वालीफाई नहीं करता है तो संभवतः 2 नवंबर को फाइनल भी हो सकता है। एक अन्य मैच- इंग्लैंड बनाम श्रीलंका (11 अक्टूबर), गुवाहाटी की जगह कोलंबो में खेला जाएगा।
UPDATE - #TeamIndia's revised schedule confirmed for ICC Women's Cricket World Cup.#WomenInBlue #CWC25 pic.twitter.com/aQm8VjgzWV
— BCCI Women (@BCCIWomen) August 22, 2025
बेंगलुरु से छिनी विश्व कप मुकाबलों की मेजबानी
यह कदम कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (KSCA) ने एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में विश्व कप मैचों की मेजबानी के लिए पुलिस की मंजूरी नहीं मिलने के बाद उठाया है। दरअसल, बीते 4 जून को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के पहली बार आईपीएल जीतने के जश्न के दौरान स्टेडियम के बाहर भारी भीड़ के कारण भगदड़ मच गई थी, जिसमें 11 लोगों की जान चली गई थी। इसके बाद ये मामला कोर्ट में भी पहुंचा था और आगे पुलिस ने कर्नाटक क्रिकेट संघ को मंजूरी देने से इनकार कर दिया। इसी वजह से बेंगलुरु से मैच शिफ्ट करने पड़े हैं।
अब नवी मुंबई में होंगे भारत के 2 ग्रुप मैच
मुंबई से पहले, BCCI ने बेंगलुरु के संभावित विकल्प के रूप में तिरुवनंतपुरम की पहचान की थी। हालांकि केरल क्रिकेट संघ (KCA) ने मेजबानी के लिए इच्छा जताई भी थी लेकिन माना जा रहा है कि शहर से दूसरे वेन्यू के लिए सीधी उड़ानों की कमी एक बड़ी बाधा साबित हुई।
आरसीबी की विक्ट्री परेड में मची थी भगदड़
जून में, ICC ने टूर्नामेंट की तारीख की घोषणा करते हुए, बेंगलुरु को टूर्नामेंट के 5 वेन्यू में से एक के रूप में चुना था। मेज़बान भारत के साथ होने वाले पहले मैच के अलावा, इस शहर में 30 अक्टूबर को एक सेमीफाइनल और 2 नवंबर को फाइनल (अगर पाकिस्तान नहीं होता) भी होना था।
चिन्नास्वामी में मैच कराने के लिए पुलिस ने नहीं दी मंजूरी
केएससीए के लिए यह एक और झटका है, क्योंकि पुलिस, बेंगलुरु के नगर निगम अधिकारियों और बिजली विभाग के साथ कई बार टकराव हो चुका है। विभाग ने अग्नि सुरक्षा नियमों का पालन न करने के कारण आयोजन स्थल की बिजली आपूर्ति काट दी है।
4 जून की भगदड़ के बाद से बेंगलुरु ने किसी भी बड़े क्रिकेट मैच की मेजबानी नहीं की है। इसके बाद, राज्य सरकार ने परेड के कुप्रबंधन के लिए फ्रेंचाइजी और केएससीए को ज़िम्मेदार ठहराया और घटना की जांच के लिए एक सदस्यीय समिति गठित की।
समिति ने बाद में स्टेडियम को बड़े पैमाने के आयोजनों के लिए "असुरक्षित" माना। तब से, पुलिस ने केएससीए को चिन्नास्वामी स्टेडियम में मैच आयोजित करने की अनुमति देने से इनकार कर दिया है।
इस वजह से केएससीए को राज्य के प्रमुख फ्रेंचाइजी टूर्नामेंट महाराजा टी20 को बेंगलुरु से मैसूर शिफ्ट करना पड़ा। केएससीए ने बंद दरवाजों के पीछे टूर्नामेंट आयोजित करने की पेशकश की थी लेकिन अधिकारियों ने इसकी भी अनुमति नहीं दी।
टूर्नामेंट के कार्यक्रम (स्थानीय समयानुसार मैच दोपहर 3:00 बजे शुरू होंगे):
- मंगलवार, 30 सितंबर: भारत बनाम श्रीलंका, गुवाहाटी
- बुधवार, 1 अक्टूबर: ऑस्ट्रेलिया बनाम न्यूज़ीलैंड, इंदौर
- गुरुवार, 2 अक्टूबर: बांग्लादेश बनाम पाकिस्तान, कोलंबो
- शुक्रवार, 3 अक्टूबर: इंग्लैंड बनाम दक्षिण अफ्रीका, गुवाहाटी
- शनिवार, 4 अक्टूबर: ऑस्ट्रेलिया बनाम श्रीलंका, कोलंबो
- रविवार, 5 अक्टूबर: भारत बनाम पाकिस्तान, कोलंबो
- सोमवार, 6 अक्टूबर: न्यूज़ीलैंड बनाम दक्षिण अफ्रीका, इंदौर
- मंगलवार, 7 अक्टूबर: इंग्लैंड बनाम बांग्लादेश, गुवाहाटी
- बुधवार, 8 अक्टूबर: ऑस्ट्रेलिया बनाम पाकिस्तान, कोलंबो
- गुरुवार, 9 अक्टूबर: भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका, विशाखापत्तनम
- शुक्रवार, 10 अक्टूबर: न्यूज़ीलैंड बनाम बांग्लादेश, गुवाहाटी
- शनिवार, 11 अक्टूबर: इंग्लैंड बनाम श्रीलंका, कोलंबो
- रविवार, 12 अक्टूबर: भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया विशाखापत्तनम
- सोमवार, 13 अक्टूबर: दक्षिण अफ्रीका बनाम बांग्लादेश, विशाखापत्तनम
- मंगलवार, 14 अक्टूबर: न्यूज़ीलैंड बनाम श्रीलंका, कोलंबो
- बुधवार, 15 अक्टूबर: इंग्लैंड बनाम पाकिस्तान, कोलंबो
- गुरुवार, 16 अक्टूबर: ऑस्ट्रेलिया बनाम बांग्लादेश, विशाखापत्तनम
- शुक्रवार, 17 अक्टूबर: दक्षिण अफ्रीका बनाम श्रीलंका, कोलंबो
- शनिवार, 18 अक्टूबर: न्यूज़ीलैंड बनाम पाकिस्तान, कोलंबो
- रविवार, 19 अक्टूबर: भारत बनाम इंग्लैंड, इंदौर
- सोमवार, 20 अक्टूबर: श्रीलंका बनाम बांग्लादेश, नवी मुंबई
- मंगलवार, 21 अक्टूबर: दक्षिण अफ्रीका बनाम पाकिस्तान, कोलंबो
- बुधवार, 22 अक्टूबर: ऑस्ट्रेलिया बनाम इंग्लैंड, इंदौर
- गुरुवार, 23 अक्टूबर: भारत बनाम न्यूज़ीलैंड, नवी मुंबई
- शुक्रवार, 24 अक्टूबर: श्रीलंका बनाम पाकिस्तान, कोलंबो
- शनिवार, 25 अक्टूबर: ऑस्ट्रेलिया बनाम दक्षिण अफ्रीका, इंदौर
- रविवार, 26 अक्टूबर: इंग्लैंड बनाम न्यूज़ीलैंड, विशाखापत्तनम (सुबह 11 बजे)
- रविवार, 26 अक्टूबर: भारत बनाम बांग्लादेश, नवी मुंबई
- बुधवार, 29 अक्टूबर: सेमीफाइनल 1, गुवाहाटी/कोलंबो
- गुरुवार, 30 अक्टूबर: सेमीफाइनल 2, नवी मुंबई
- रविवार, 2 नवंबर: फाइनल, नवी मुंबई
