Virat-Anushka Ayodhya Visit: विराट-अनुष्का चुपचाप अयोध्या पहुंचे, रामलला के दर्शन किए; हनुमानगढ़ी में भी टेका माथा

विराट-अनुष्का चुपचाप अयोध्या पहुंचे, रामलला के दर्शन किए; हनुमानगढ़ी में भी टेका माथा
X
विराट कोहली और अनुष्का शर्मा ने अयोध्या में रामलला के दर्शन किए। 
Virat-Anushka Ayodhya Visit: विराट आईपीएल 2025 के एक मैच के लिए लखनऊ में ही हैं। इस मुकाबले से पहले वो पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ अचानक अयोध्या पहुंचे और रामलला के दर्शन किए। इसके अलावा इस कपल ने हनुमानगढ़ी मंदिर में भी माथा टेका।

Virat-Anushka Ayodhya Visit: टेस्ट क्रिकेट से संन्यास के बाद से ही विराट कोहली आध्यात्मिक यात्रा पर हैं। हाल ही में वृंदावन में संत प्रेमानंद महाराज के दर्शन के बाद रविवार को विराट अपनी एक्ट्रेस पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ अचानक अयोध्या पहुंचे और रामलला के दर्शन किए। विराट-अनुष्का करीब तीस मिनट तक राम मंदिर परिसर में रहे और पुजारियों से राम मंदिर की मूर्तियों की जानकारी ली।

रामलला के दर्शन करने के बाद विराट और अनुष्का हनुमानगढ़ी पहुंचे। ‘विरुष्का’ के नाम से मशहूर इस सेलिब्रिटी जोड़े ने भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच भगवान हनुमान के दर्शन किए। यहां दोनों ने पूजा की और हनुमान जी को लड्डू चढ़ाए। विराट और अनुष्का जैसे ही मंदिर पहुंचे, वहां पहले से मौजूद सैकड़ों लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। लेकिन सुरक्षा घेरे के बीच उन्होंने मंदिर में शांति से पूजा-अर्चना की। इस दौरान विराट क्रीम रंग के कुर्ते और फूलों की माला में दिखाई दिए, जबकि अनुष्का गुलाबी सलवार-सूट में बेहद सरल और पारंपरिक अंदाज में नजर आईं।

हनुमान गढ़ी अयोध्या का एक प्रमुख धार्मिक स्थल है, और भगवान हनुमान के भक्तों के लिए यह मंदिर विशेष महत्व रखता है। विराट कोहली ने हाथ जोड़कर मंदिर में सिर नवाया और श्रद्धा के साथ पूजा की।

हनुमान गढ़ी मंदिर के पुजारी संजय दास जी महाराज ने कहा, 'विराट कोहली और अनुष्का शर्मा को आध्यात्म, ईश्वर और सनातन से गहरा लगाव है। उन्होंने भगवान रामलला के दर्शन किए और फिर हनुमान जी का आशीर्वाद लिया। उन्होंने यहां आध्यात्म और सनातन परंपराओं के बारे में भी चर्चा की। उन दोनों ने रामलला की परिक्रमा भी किया और हनुमान जी का आशीर्वाद भी लिया। निश्चित ही हनुमान जी का आशीर्वाद लिया है तो फल मिलेगा ही।'

इससे पहले, विराट-अनुष्का ने वृंदावन में प्रेमानंद गोविंद शरण जी महाराज से भी आशीर्वाद लिया था। वहां से वायरल हुए वीडियो में यह जोड़ा भक्ति, विनम्रता और आंतरिक शुद्धता पर आधारित महाराज जी का संदेश सुनता नजर आया। कोहली और अनुष्का ने संत प्रेमानंद के आश्रम में तीन घंटे से भी ज्यादा समय बिताया था। यह पहली मर्तबा नहीं था, जब विराट संत प्रेमानंद से मिलने पहुंचे थे। वह इससे पहले जनवरी 2023 में बाबा से मिलने पहुंचे थे।

विराट ने हाल ही में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लिया है। वो फिलहाल, आईपीएल 2025 में खेल रहे हैं। दो दिन बाद उनकी टीम आरसीबी का आखिरी लीग मैच लखनऊ सुपर जायंट्स से लखनऊ में है।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story