Vaibhav suryavanshi: वैभव सूर्यवंशी ने तोड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड, वर्ल्ड चैंपियन भारतीय कप्तान को छोड़ा पीछे

वैभव सूर्यवंशी ने छक्के लगाने का विश्व रिकॉर्ड बनाया है।
Vaibhav suryavanshi record: 14 साल के भारतीय क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी ने इतिहास रच दिया। वो यूथ वनडे में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले क्रिकेटर बन गए। उन्होंने उन्मुक्त चंद के 38 छक्कों के पिछले रिकॉर्ड को तोड़ दिया। यह उपलब्धि उन्होंने बुधवार को ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 टीम के खिलाफ दूसरे वनडे में हासिल की।
14 साल के वैभव सूर्यवंशी ने यह उपलब्धि केवल 10 पारियों में हासिल की जबकि उन्मुक्त चंद ने 21 मैच खेले थे। वैभव ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे वनडे में 68 गेंदों पर 70 रन बनाए और ऑस्ट्रेलियाई कप्तान यश देशमुख की गेंद पर आउट हुए। सूर्यवंशी ने अब युवा वनडे में 540 रन बना लिए हैं, जिनमें से 26 फीसदी रन उन्होंने बाउंड्री से बनाए हैं। उनके अब तक 41 छक्के हो चुके हैं, जिससे वह इस श्रेणी में नए रिकॉर्ड धारक बन गए।
वैभव सूर्यवंशी ने छक्कों का विश्व रिकॉर्ड बनाया
इस युवा खिलाड़ी की यह उपलब्धि यूथ क्रिकेट में उनके बढ़ते रिकॉर्ड की सूची में जुड़ गई। यूथ वनडे क्रिकेट में सर्वाधिक छक्के लगाने वाले भारतीयों की सूची में सूर्यवंशी और चंद के बाद यशस्वी जायसवाल हैं, जिन्होंने 2018 और 2020 के बीच 27 मैचों में 30 छक्के लगाए थे।
सबसे कम उम्र के शतकवीर हैं वैभव
सूर्यवंशी का क्रिकेट सफर कई अभूतपूर्व उपलब्धियों से भरा रहा। वह हाल ही में इंडियन प्रीमियर लीग में खेलने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बने थे, जहां उन्होंने लीग के इतिहास का दूसरा सबसे तेज़ शतक बनाया और सबसे कम उम्र के शतकवीर बने।
फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उनकी एंट्री भी उतनी ही धमाकेदार रही। 2023-24 के रणजी ट्रॉफी सीज़न के दौरान, उन्होंने 12 साल और 284 दिन की उम्र में मुंबई के खिलाफ डेब्यू किया और टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे कम उम्र के खिलाड़ी के रूप में अपनी जगह पक्की कर ली।
इतना ही नहीं, वैभव ने हाल ही में यूथ वनडे में 52 गेंद में शतक ठोका था और इसके साथ ही वो इस फॉर्मेट में सबसे तेज शतक ठोकने वाले क्रिकेटर बने थे। इस प्रदर्शन ने पाकिस्तान के कामरान गुलाम के पिछले विश्व रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने 2019 में 53 गेंदों में शतक बनाया था।
उसी पारी में, सूर्यवंशी ने एक ही मैच में 10 छक्के लगाकर एक भारतीय रिकॉर्ड बनाया। 13 साल और 188 दिन की उम्र में, वह प्रतिस्पर्धी क्रिकेट के 170 साल के इतिहास में सबसे कम उम्र के शतकवीर बन गए।
| खिलाड़ी | टीम | मैच | रन | चौके | छक्के |
| वैभव सूर्यवंशी | भारत | 10 | 540 | 50* | 41* |
| उन्मुक्त चंद | भारत | 21 | 1149 | 106 | 38* |
| जावद अबरार | बांग्लादेश | 24 | 769 | 83 | 35 |
| शाहजैब खान | पाकिस्तान | 24 | 1096 | 95 | 31 |
| तौहीद हृदय | बांग्लादेश | 47 | 1622 | 115 | 30 |
| यशस्वी जायसवाल | भारत | 27 | 1386 | 150 | 30 |
यूथ टेस्ट क्रिकेट में भी उनका उल्लेखनीय प्रदर्शन जारी रहा, जहां उन्होंने चेन्नई में पहले यूथ टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 58 गेंद में शतक बनाया। यह पारी इस स्तर पर दूसरा सबसे तेज़ शतक है, इंग्लैंड के मोईन अली ने 56 गेंद में टेस्ट ठोका था।
